-कृषि विवि में उन्नयन कार्यक्रम के तहत विशेषज्ञों ने छात्रों को व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में रविवार को छात्र-छात्राओं के लिए उन्नयन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवाद, चिंतन, आत्मबोध, व्यक्तित्व विकास तथा सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। कुलपति डॉ ज्ञानेन्द्र सिंह व अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
बतौर मुख्यअतिथि कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि आत्मबोध, आत्मचिंतन एवं दार्शनिक चिंतन को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मूल्य व्यक्ति के व्यक्तित्व को समृद्ध करते हैं और उसे राष्ट्र निर्माण में प्रभावी योगदान देने के योग्य बनाते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पद्मश्री डॉ. राजेश कुमार ग्रोवर ने जीवन में अनुशासन, सेवा और सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डाला। दार्शनिक एवं चिंतक डॉ. अरुण प्रकाश ने आत्मचिंतन और भारतीय ज्ञान परंपरा की उपयोगिता पर विचार रखे। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की सहायक प्रॉक्टर डॉ. मीनाक्षी जोशी ने विद्यार्थियों को चरित्र निर्माण और आत्मविश्वास का संदेश दिया, जबकि इस्कॉन, कुशीनगर की उपाध्यक्ष आचार्य गर्ग मुनि दास ने आध्यात्मिक मूल्यों को जीवन की सफलता का आधार बताया।
कृषि विश्वविद्यालय एवं अभिनव भारत न्यास के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया।स्वागत संबोधन डीएसडब्ल्यू डॉ डी. नियोगी ने किया। अभिनव भारत राजपूत ने सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया व संचालन डॉ अजय त्रिपाठी व शशि साहू ने किया। इस मौके पर समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, शिक्षक, छात्र छात्राएं तथा अभिनव भारत न्यास के पदाधिकारी उपस्थित रहे।