-शाम चार बजे से लागू होंगे प्रतिबंध
अयोध्या। दुर्गा पूजा को लेकर सप्तमी, अष्टमी और नवमी को यातायात पुलिस ने शहर क्षेत्र में रूट डायवर्जन का खाका तैयार किया है। इन तीनों दिन शाम चार बजे से मेला समाप्ति तक प्रतिबंध प्रभावी रहेंगे। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करना होगा। हालांकि आपातकालीन सेवा के वाहनों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।
पुलिस के मुताबिक रिकाबगंज और गुदड़ी चौराहे से चौक घंटाघर जाने वाले वाहन नियावां मार्ग से जाएंगे। रीडगंज चौराहे से आने वाले वाहनों को आंख अस्पताल तिराहा (रामपथ) और फतेहगंज चौराहे से आने वाले वाहनों को जीआईसी ओवरब्रिज तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। बेनीगंज तिराहे से गुदड़ी चौराहे तक ऑटो, टेंपो और ई-रिक्शा समेत सभी व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ये वाहन बेनीगंज चौराहे से देवकाली मार्ग होकर जाएंगे।
शांति चौक, नवीन मंडी चौराहा और पहाड़गंज तिराहे से अग्रसेन तिराहे की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इन वाहनों को एनएच-27 से भेजा जाएगा। सिंधी कॉलोनी चौराहे से रामनगर तिराहे तक और रामनगर तिराहे व जनौरा मोड़ से नाका हनुमानगढ़ी की ओर जाने वाले वाहनों को भी डायवर्जन का पालन करना होगा। नाका जाने वाले वाहन परिक्रमा मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।
जीआईसी ओवरब्रिज तिराहे से मकबरा जाने वाले वाहनों को रेलवे स्टेशन, मोदहा और परिक्रमा मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। जीआईसी गेट के आगे फतेहगंज ओवरब्रिज की सर्विस लेन से फतेहगंज जाने वाले वाहनों को ओवरब्रिज और मनूचा तिराहे से होकर जाना होगा। रिकाबगंज चौराहे से कसाबबाड़ा होते हुए फतेहगंज की ओर केवल एम्बुलेंस और मरीजों से जुड़े वाहनों को जाने की अनुमति होगी। अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।