आठ दिन से लापता मासूम का झाड़ियों में मिला क्षत-विक्षत शव

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-सिर और धड़ अलग-अलग पड़े मिले, हाथ-पैर अब भी लापता, सांसद अवधेश प्रसाद ने परिजनों से मिलकर कार्रवाई की मांग की

मिल्कीपुर। इनायतनगर थाना क्षेत्र के सहुलारा गांव में आठ दिन से लापता तीन वर्षीय मासूम बच्चे का शव घर के समीप स्थित बाग में झाड़ियों के बीच क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मासूम का सिर और धड़ अलग-अलग पड़े मिले, जबकि उसके हाथ और पैर मौके पर नहीं मिले। शव की हालत देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

जानकारी के अनुसार, सहुलारा गांव निवासी शोभनाथ उर्फ रोहित का तीन वर्षीय पुत्र सुधांशु उर्फ कल्लू बीते 29 अक्टूबर को घर के सामने खेलते समय अचानक लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब मासूम का कोई सुराग नहीं मिला तो उसकी मां की तहरीर पर इनायतनगर पुलिस ने गुमशुदगी के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की थी। ग्रामीणों और पुलिस ने गांव के आसपास तथा संभावित स्थानों पर बच्चे की तलाश की थी।

गुरुवार को घटना के आठवें दिन घर से कुछ ही दूरी पर स्थित बाग में झाड़ियों के बीच मासूम का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। बताया जाता है कि बाग में पेड़ से बंधा एक गोवंश रस्सी तोड़कर भागने लगा। उसके पीछे गए पशुपालक की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद उसने ग्रामीणों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और बच्चे की पहचान सुधांशु उर्फ कल्लू के रूप में हुई।

इसे भी पढ़े  सरयू तट पर मनुभूमि के रिवरफ्रंट प्रोजेक्ट का भूमि पूजन

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक इनायतनगर राजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव के मिले हिस्सों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बच्चे के हाथ-पैर नहीं मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, जिस बाग में शव मिला, वहां पहले भी ग्रामीणों और पुलिस द्वारा तलाश किए जाने की बात सामने आ रही है। ऐसे में शव वहां कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा, यह जांच का विषय है।

घटना की जानकारी मिलने पर अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद इनायतनगर थाने पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा इस हृदयविदारक घटना पर दुख जताया। सांसद ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने और घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। मासूम की निर्मम मौत से सहुलारा गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन बच्चे के साथ हुई इस दर्दनाक घटना का सच सामने आने और दोषियों को सख्त सजा मिलने की मांग कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya