– फिल्म अभिनेत्री अदा शर्मा बोलीं- अयोध्या की आभा और वातावरण में महसूस होती है भक्ति, यहां अपना घर बनाने की है इच्छा, संत-महात्माओं के आशीर्वाद के बीच वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ परियोजना का शुभारंभ
अयोध्या। रामनगरी में सरयू तट के सामने प्रस्तावित मनुभूमि कंपनी के भव्य रिवरफ्रंट प्रोजेक्ट का बुधवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया गया। समारोह में फिल्म अभिनेत्री अदा शर्मा समेत कई गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। संत-महात्माओं ने पूजन के बाद परियोजना की सफलता के लिए आशीर्वाद दिया।
इस मौके पर अभिनेत्री अदा शर्मा ने अयोध्या के आध्यात्मिक वातावरण और यहां की आभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि अयोध्या के वातावरण में भक्ति भाव महसूस किया जा सकता है। यहां आने वाला हर व्यक्ति इस नगरी में बसना चाहता है। उनकी भी इच्छा है कि अयोध्या में उनका अपना एक घर हो। वह यहां अपना घर बनाएंगी। भूमि पूजन समारोह में परियोजना के प्रमुख साझेदार मोनू चौहान, प्रकाश रावत, राम गोपालन वध्रन और अभिषेक अग्रवाल सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। जगद्गुरु सतीशाचार्य महाराज, कमल नयन दास महाराज और श्री श्री 1008 महंत रामशरण दास महाराज ने समारोह में पहुंचकर आशीर्वाद दिया।
कंपनी के अनुसार, प्रस्तावित रिवरफ्रंट प्रोजेक्ट सरयू नदी के सामने विकसित किया जाएगा। यह श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से करीब पांच से छह मिनट की दूरी पर स्थित होगा। परियोजना को अयोध्या की आध्यात्मिक पहचान के साथ आधुनिक सुविधाओं को जोड़ने की पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसके माध्यम से क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और निवेश की संभावनाएं बढ़ने की उम्मीद जताई गई है। कंपनी के प्रतिनिधियों ने कहा कि संतों के आशीर्वाद और सहयोगियों के साथ इस परियोजना के जरिए अयोध्या के विकास में योगदान देने का प्रयास किया जाएगा।