-रौनाही थाना क्षेत्र के तहसीनपुर गांव के थे तीनों किशोर

सोहावल-अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र के तहसीनपुर गांव के निवासी चार किशोर गांव से एक किलोमीटर दूर सरयू के किनारे नदी में नहाने गये थे। गहरे पानी में चले जाने से तीन किशोर डूब गए जब कि एक को बचा लिया गया। पुलिस और प्रशासन को सूचना देकर ग्रामीणों ने तलाश जारी रखा है।
जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम गांव निवासी अमित कुमार पाण्डेय उम्र लगभग 17 वर्ष पुत्र अमर बहादुर पाण्डेय,शिवांश उम्र लगभग 15 वर्ष पुत्र कृपा शंकर पाण्डेय , सत्यम पाण्डेय उम्र लगभग 17 वर्ष पुत्र विनय कुमार पाण्डेय के साथ रिश्तेदारी में आया एक अन्य किशोर ध्रुव उम्र लगभग 16 वर्ष नदी में नहाने के लिए उतरे थे।पानी गहरा देख ध्रुव तो बाहर निकल आया लेकिन अन्य तीनों अचानक गहरे पानी में चले जाने से डूब गए जिन्हें बचाया नहीं जा सका ।
खबर मिलने पर पूरे गांव में कोहराम मचा है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस गोताखोर और एनडीआरएफ टीम के साथ ग्रामीणों ने खोजने का काम शुरू किया है। मौके पर पहुंचे भारी पुलिस बल के साथ एस पी ग्रामीण बलवन्त चौधरी,एस डी एम सोहावल सुश्री सविता,सी ओ सदर अरविन्द सोनकर तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह, नायब तहसीलदार रेशू जैन प्रभारी निरीक्षक रौनाही लाल चंद सरोज सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर मौजूद हैं ।
तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि किशोर की खोज के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहे हैं। अंधेरा हो जाने के कारण दिक्कत आ रही है।