अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि परिसर स्थित यज्ञशाला में रविवार दोपहर 12 बजे भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। “नैतालिम डांस अकादमी” पूर्व वर्धमान, बंगाल तथा दिल्ली से आईं 81 मातृ शक्तियों ने सामूहिक रूप से श्रीराम स्तुति नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने भगवान श्रीराम की महिमा, आदर्श जीवन और सनातन संस्कृति पर आधारित मनोहारी नृत्य प्रस्तुतियां दीं। राम मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रभारी शैलेंद्र शुक्ला ने बताया कि लगभग दो घंटे तक चले इस आयोजन में भक्ति रस की धारा बहती रही और परिसर का वातावरण जय श्रीराम के उद्घोष से गुंजायमान रहा। नृत्य प्रस्तुति के उपरांत सभी मातृ शक्तियों ने श्रीराम लला और राम दरबार के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।