-शनिवार शाम से था लापता, रातभर तलाश में जुटी रही पुलिस रविवार सुबह नदी से बरामद हुआ शव

मिल्कीपुर-अयोध्या। खंडासा थाना क्षेत्र के कंदई कला गांव निवासी 19 वर्षीय युवक की तमसा नदी में डूबने से मौत हो गई। शनिवार शाम भैंसों को वापस लाने के प्रयास में युवक नदी पार करने लगा, तभी गहरे पानी में पहुंचकर डूब गया। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने खोजबीन शुरू की, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। रविवार सुबह तमसा नदी से उसका शव बरामद हुआ। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, कंदई कला गांव निवासी मोहित पुत्र मनीराम शनिवार को करीब 3रू30 बजे घर से अपनी तीन भैंसों को चराने निकला था। वह तमसा नदी के किनारे भैंसें चरा रहा था। इसी दौरान तीनों भैंसें नदी पार कर दूसरी तरफ चली गईं। उन्हें वापस लाने के लिए मोहित ने तमसा नदी पार करने की कोशिश की। इसी दौरान वह गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा। देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गया।
उधर, देर शाम तक मोहित के घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में निकले। खोजबीन के दौरान तमसा नदी के दूसरी तरफ तीनों भैंसें दिखाई दीं, लेकिन मोहित का कहीं पता नहीं चला। काफी तलाश के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने शनिवार रात करीब 11 बजे खंडासा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और युवक की तलाश शुरू कर दी।
रातभर तलाश के बाद रविवार सुबह तमसा नदी से मोहित का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मोहित दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता मनीराम लाइनमैन का काम करते हैं। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस संबंध में खंडासा थानाध्यक्ष कमलेश सरोज ने बताया कि युवक का शव बरामद कर लिया गया है। पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत, सरयू में डूबा युवक
अयोध्या। जनपद के कैंट थाना क्षेत्र में हुए अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है और बाडी को अंतिम संस्कार के लिए परिवार के हवाले किया है। बताया गया कि कैंट थाना क्षेत्र के गद्दोपुर स्थित अहिरन का पुरवा निवासी 22 वर्षीय संतोष यादव पुत्र परसराम यादव रोज की तरह रविवार को भी मार्निग वाक पर निकला था। उसके साथ गांव का एक अन्य युवक भी था। गुप्तारघाट पहुंचने के बाद दोनों सरयू नदी में स्नान करने लगे और इसी दौरान संतोष यादव के साथ हादसा हो गया।
गहरे पानी में चले जाने के कारण उसकी डूबने से मौत हो गई। मामले की जानकारी पर स्थानीय गोताखोरों ने उसको खोजकर बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचितकर संतोष को जिला अस्पताल भेजवाया। जिला अस्पताल पहुंचाये जाने पर इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ.नवनीत त्रिपाठी ने ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं इसी थाना क्षेत्र के फत्तेपुर सरैया निवासी यवक 28 वर्षीय विनोद यादव पुत्र कनीराम लखनऊ हाईवे पर सड़क हादसे का शिकार हो गया।
पूरे काशीनाथ चौराहा के पास उसको किसी वाहन ने टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले की जानकारी के बाद भतीजे कल्लू ने एंबुलेंस की मदद से उसको उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया तो इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसको मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल प्रशासपर के मेंमो पर नगर कोतवाली पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
पंखे से लटका मिला युवक का शव, आत्महत्या की आशंका
अयोध्या। हैदरगंज थाना क्षेत्र के खपराडीह गांव के पांडेय का पुरवा में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है। घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक युवक ने आत्महत्या की है। हालांकि, घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घर के कमरे में युवक का शव मिलने से इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
करेंट की चपेट में आकर किशोर घायल
अयोध्या। जनपद के रुदौली कोतवाली क्षेत्र में रविवार को एक किशोर एचटी लाइन की चपेट में आकर घायल हो गया। घायल किशोर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि रुदौली कोतवाली क्षेत्र के सरायमीर का निवासी किशोर 14 वर्षीय प्रीत कुमार पुत्र जगदंबा हाई टेंशन लाइन के तार की चपेट में आ गया। जिसके कारण वह घायल हो गया। तत्काल उसके भाई सोमनाथ ने उसको उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली पहुंचाया। जहां प्रीत कुमार की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसको जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दूसरी पहर जिला अस्पताल लाए जाने पर इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ वीरेंद्र वर्मा ने उसको इलाज के लिए भर्ती किया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भिजवाया है।