अयोध्या। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर सहादतगंज पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही राहुल यादव उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने परीक्षण के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
अभी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। चिकित्सकों ने शव को अज्ञात के रूप में जिला चिकित्सालय की मर्चरी में रखवा दिया और इस संबंध में कोतवाली नगर पुलिस को मेमो भेजवाया है।
कोतवाली नगर पुलिस मामले की छानबीन के साथ मृतक की शिनाख्त कराने में जुटी है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही घटना के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
तालाब में मिला लापता महिला का शव, जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
अयोध्या। बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के जैनपुर गांव में शनिवार को तालाब के पास एक महिला का शव मिलने से इलाके में हलचल मच गई। मृतका की पहचान जबरा पत्नी पप्पू महावत निवासी जैनपुर के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक जबरा तीन दिन पहले शाम को घर से निकली थीं। बताया गया कि उस समय वह शराब के नशे में थीं और पति के साथ उनका विवाद हुआ था। विवाद के बाद गुस्से में वह घर से चली गईं। इसके बाद से ही परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। शनिवार को घर के पास स्थित तालाब के किनारे उनका शव मिलने की सूचना मिली।
मृतका की बहू पूनम ने बताया कि परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। फिलहाल महिला की मौत हादसा है अथवा वह किसी वारदात का शिकार हुई, इसके लिए पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।