मानवता के लिए करें विज्ञान का उपयोग : डॉ. ओम प्रकाश गुप्ता

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-एसएसवी इंटर कालेज में 52वीं राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का आगाज


अयोध्या। कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता। उसका क्रियान्वयन महत्वपूर्ण होता है। जो भी कार्य करें, उसको बेहतर करने का प्रयास करें, क्योंकि हमेशा वर्तमान ही इस पृथ्वी पर श्रेष्ठ होता है। विज्ञान से कई कार्य पूर्ण हुए हैं लेकिन विज्ञान का उपयोग मानवता के लिए होना चाहिए।

यह बात देवीपाटन मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक/अयोध्या मंडल के उप शिक्षा निदेशक डॉ. ओम प्रकाश गुप्ता ने कही। वह राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान प्रयागराज की ओर से जिले के एसएसवी इंटर कॉलेज में आयोजित 52वीं राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 2024 को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस पृथ्वी पर कोई भी परिपक्व नहीं होता। जन्म से लेकर मृत्यु तक व्यक्ति सीखता ही रहता है। यह सतत चलने वाली प्रक्रिया है। विज्ञान उसमें परिपक्वता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि हालात कैसे भी हों, कितना ही विपरीत हों। उस हालत में जीवन जीना चाहिए। जीवन जीने की कला जानकर और वर्तमान को आत्मसात करके जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि यह जरूर है कि भविष्य की संभावनाओं में विज्ञान साथ दे सकता है। लेकिन मानवता उसको पूरक बनाती है। प्रधानाचार्य डॉ. मणि शंकर तिवारी ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत करते हुए कहा कि 18 मंडलों के लगभग 504 बाल वैज्ञानिक इस विज्ञान प्रदर्शनी में प्रतिभाग कर रहे हैं। जो अपने क्रियाकारी और स्थिर प्रदर्श के माध्यम से अपनी प्रतिभा का सहज प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने प्रदर्श के माध्यम से विज्ञान प्रदर्शनी के विषय सतत भविष्य के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पर मानव उत्थान व राष्ट्र निर्माण की परिकल्पना को प्रस्तुत करेंगे। प्रदर्श नवाचार का माध्यम बनेगा। धन्यवाद व्यक्त करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर पवन कुमार तिवारी ने विज्ञान की आवश्यकता और उसके महत्व पर प्रकाश डाला।

इसे भी पढ़े  कान्हा गौशाला में गायों की असमय मृत्यु पर गरमाई सियासत

उन्होंने कहा कि विज्ञान वर्तमान में मानव जीवन के लिए खतरा बन गया है। ऐसे में विज्ञान का उपयोग श्रेष्ठ की संरचना में करने की योजना बनाई जानी चाहिए। जिससे विज्ञान मानव का कल्याण करें और समाज का प्रतिनिधित्व करे। इनके पहले मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक देवीपाटन मंडल/उप शिक्षा निदेशक अयोध्या मंडल डॉ. गुप्ता ने प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन किया। उन्होंने राज्य विज्ञान शिक्षण संस्थान की पत्रिका का भी विमोचन किया। जिला विद्यालय डॉ. तिवारी, एसएसबी इंटर कॉलेज की प्रबंधक सुश्री शची मेहरोत्रा, प्रधानाचार्य डॉ. तिवारी, राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान की प्रोफेसर ममता द्विवेदी ने मुख्य अतिथि को बुके भेंटकर उनका स्वागत और बैज अलंकरण किया।

एसएसबी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मेथाडिस्ट मिशन गर्ल्स इंटर कॉलेज और साहबदीन राम सीताराम बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। अंत में प्रधानाचार्य डॉ. तिवारी ने मुख्य अतिथि उप शिक्षा निदेशक अयोध्या मंडल डॉ. ओम प्रकाश गुप्ता को स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन विवेकानन्द पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर राज्य विज्ञान शिक्षण संस्थान के प्रो. मंजूषा गुप्ता, अरविंद कुमार सुदामा, एसएसवी इंटर कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. वीरेंद्र कुमार त्रिपाठी, प्रबंध समिति व शिक्षक अभिभावक संघ के पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य सहित शिक्षक – शिक्षिकाएं और बाल वैज्ञानिक मौजूद रहे।

 

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya