-अमरोहा के दो को जल पुलिस ने बचाया

अयोध्या। पड़ोसी जनपद बस्ती से दोस्त के साथ अयोध्या में जन्मदिन मनाने आए तीन युवक सरयू स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूबकर लापता हो गए। हालांकि मामले की खबर पर सक्रिय जल पुलिस ने अमरोहा निवासी दो युवकों को सकुशल बचा लिया और श्रीराम अस्पताल भेजवाया है। सरयू में लापता तीनों युवकों की तलाश के लिए जल पुलिस के साथ एसडीआरएफ और गोताखोरों को लगाया गया है। पुलिस अधिकारी तलाशी अभियान का जायजा लेते रहे। मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान लिया है और बचाव और राहत अभियान चलाने का निर्देश दिया है।
गुरुवार की सुबह बस्ती जिले के पुरानी बस्ती मोहल्ला निवासी पांच युवक जन्मदिन मनाने के लिए एक कार से लिए अयोध्या आए थे। अयोध्या आने के बाद सभी पहले अयोध्या के लक्ष्मण घाट पर सरयू नदी में स्नान के लिए पहुंचे। इसी दौरान अचानक एक युवक डूबने लगा तो बाकी उसको बचाने में जुट गए और सभी बहने लगे। इस दौरान तीन युवक अमित गुप्ता (19 वर्ष), अभिषेक सोनी (19 वर्ष) एवं राज कसौधन (19 वर्ष) सरयू की धारा में लापता हो गए। हालांकि इनके साथ मौजूद लकी (19 वर्ष) एवं किशन सोनी (19 वर्ष) सुरक्षित बच गए। मामले की खबर पर पुलिस प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव दल को अभियान में लगाया। घटना की जानकारी के बाद युवकों के परिजन पहुंच गए है और सभी का रो रोकर बुरा हाल है। परिवार के मुताबिक सभी की योजना दर्शन पूजन के बाद रामधाम में केक काटने की थी।
जल पुलिस ने बताया कि स्नान के दौरान हुए एक अन्य हादसे में अमरोहा निवासी दो लोगों को सकुशल बचाया गया है और अस्पताल भेजवाया गया है। सरयू में लापता बस्ती निवासी तीनों युवकों की तलाश कराई जा रही है।
डाक्टर ने दो को किया मृत घोषित
अयोध्या। जिला अस्पताल लाए जाने पर इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने परीक्षण के बाद दो को मृत घोषित किया है। शव को मोर्चरी में रखवा पोस्टमार्टम के लिए मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भिजवाया है।
जिला अस्पताल प्रशासन की ओर से बताया गया कि नगर कोतवाली के हैदरगंज मोहल्ला निवासी राहुल गुप्ता 20 वर्ष पुत्र राज कुमार गुप्ता को गंभीर हाल में उसका जीजा सोम कुमार लेकर बुधवार की देर रात अस्पताल आया था। परीक्षण में वह मृत मिला। वहीं मध्य प्रदेश के सिहौल जिले के मंडी थाना क्षेत्र स्थित सिहौल निवासी सत्यम जांगड़े 29 वर्ष पुत्र पप्पू जागड़े को उसकी पत्नी गुरुवार की भोर चार बजे अस्पताल लाई थी। डाक्टर ने परीक्षण के बाद सत्यम जांगड़े को मृत घोषित किया है।