-विधायक चंद्रभानु पासवान की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार और शहनाइयों की गूंज के बीच संपन्न हुआ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह
मिल्कीपुर-अयोध्या। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मिल्कीपुर में शहनाइयों की मधुर धुन, वैदिक मंत्रोच्चार और मांगलिक गीतों के बीच मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 185 जोड़े विवाह के पवित्र बंधन में बंधे। बुधवार को विद्या मंदिर खेल मैदान में आयोजित भव्य समारोह में दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी संपन्न कराया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में मिल्कीपुर, अमानीगंज, हैरिंग्टनगंज और नगर पंचायत कुमारगंज क्षेत्र के कुल 185 जोड़े शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
समारोह में मुख्य रूप से मौजूद मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों को विवाह के आर्थिक बोझ से राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। विधायक ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर उपलब्ध कराना है।
महिलाओं के नाम पर आवास उपलब्ध कराने जैसी व्यवस्थाओं से उन्हें परिवार में मालिकाना हक और सम्मान मिलता है। उन्होंने नवदंपतियों को गृहस्थी के आवश्यक सामान भी भेंट किए और उनके सुखमय भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहायता प्रदान करना है, ताकि अभिभावकों पर शादी के खर्च का अनावश्यक बोझ न पड़े। योजना के तहत पात्र जोड़ों का विवाह धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया जाता है। समारोह में नवदंपतियों को योजना के प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई। स्थानीय प्रशासन और विधायक कार्यालय की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पंजीकरण से लेकर विवाह समारोह तक आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। सामूहिक रूप से आयोजित इस विवाह समारोह में सामाजिक समरसता की झलक भी देखने को मिली।
हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार कराया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा पाण्डेय ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से पिछले कुछ वर्षों में सैकड़ों जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जा चुका है। योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही विवाह समारोह को सम्मानजनक ढंग से संपन्न कराना है।
कार्यक्रम में मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष श्यामनरायण पाठक, जिला पंचायत सदस्य अशोक मिश्रा, रमेश प्रताप सिंह, जनार्दन मौर्य लोग गायक विवेक पांडेय सहित अन्य अतिथि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। समारोह के समापन पर नवविवाहित जोड़ों को सुखी, समृद्ध और मंगलमय वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।