-प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू, 15 मई तक होगा पंजीकरण
अयोध्या। का.सु. साकेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विगत वर्षों की भांति इसबार भी प्रवेश मेरिट के आधार पर होगा। जिसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रारम्भ कर दिया गया है। उक्त जानकारी मंगलवार को महाविद्यालय परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में प्राचार्य प्रो. दानपति तिवारी ने दी।
उन्होंने बताया कि सत्र 2025-26 में प्रवेश के लिए प्रो. ओ.पी. यादव, प्रवेश संयोजक, प्रो. आशुतोष त्रिपाठी, अतिरिक्त प्रवेश संयोजक नियुक्त किए गये हैं। पूनम जोशी. उमापति प्रभारी, कला संकाय, प्रो. शिव कुमार तिवारी, प्रभारी विज्ञान संकाय, प्रो. अशोक कुमार मिश्र, प्रभारी, वाणिज्य संकाय, प्रो. ए.के. राय, प्रभारी, विधि संकाय, प्रो. शिखा वर्मा प्रभारी, शिक्षा संकाय नियुक्त की गयी है, साथ ही प्रो. अनुराग मिश्र और प्रो. अंजनी कुमार सिंह को विशेष आमंत्रित सदस्य नामित किया गया है। प्रवेश की पारदर्शिता एवं शुचिता सुनिश्चित करने हेतु प्रो. अनिल कुमार सिंह एवं प्रो. अभिषेक दत्त त्रिपाठी प्रेक्षक नियुक्त किये गये हैं।
महाविद्यालय में प्रवेश हेतु पंजीकरण महाविद्यालय की वेबसाइट onlinemyselection.com व kssaketpgcollege.ac.in पर होगा। महाविद्यालय में स्नातक व परास्नातक स्तर पर शासन के निर्देशानुसार नई शिक्षा नीति-2020 पूर्णरूप से लागू की जा चुकी है।
प्रवेश संयोजक प्रो. ओपी यादव ने बताया कि प्रवेश हेतु पंजीकरण दिनांक 07 अप्रैल, 2025 से प्रारम्भ हो रहा है। पहली बार स्नातक, परास्नातक दोनों के लिए पंजीकरण साथ प्रारम्भ हो रहा है। प्रवेश पंजीकरण हेतु अंतिम तिथि 15 मई, 2025 है। प्रवेश पंजीकरण शुल्क 700 रूपये है। प्रवेश के लिए बीए में 2400 सीट, बीएससी 540 (बायो), 540 (गणित), बीकाम की 600 एवं बीसीए की 60 सीट के सापेक्ष होगा।
महाविद्यालय में 21 विषयों में परास्नातक पाठ्यक्रम संचालित होता है। उन्होंने बताया कि पूर्वांचल का अकेला ऐसा महाविद्यालय है जहाँ बी०ए० में प्रवेश के लिए 20 विषय उपलब्ध है, जिमसें दर्शनशास्त्र, लोक प्रशासन, गृह विज्ञान, चित्रकला, संगीत आदि विशिष्ट विषय भी हैं। बीएससी बायो एवं गणित में 06 विषय (भौतिक, प्राणि, वनस्पति, रसायन, गणित एवं सैन्य विज्ञान) एवं (बी०सी०ए० 60 अर्हता इण्टरमीडिएट गणित) शामिल है।
महाविद्यालय की विशिष्टताओं के बारे में अतिरिक्त संयोजक व मीडिया प्रभारी आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि बीए में सर्वाधिक विषय संयोजन तथा पीजी में सर्वाधिक विषयों की उपलब्धता है। यहां अनुभवी विद्वान शिक्षकों द्वारा शिक्षण प्रदान किया जाता है। कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं। समस्त शुल्क ऑनलाइन जमा किये जाते हैं। सुसज्जित प्रयोगशाला, स्मार्ट क्लास, विशाल क्रीड़ांगन, हरित परिसर है। सिविल सर्विसेज की अभ्युदय कोचिंग का महाविद्यालय में संचालन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सत्र 2024-25 में लगभग 250 छात्र-छात्राओं का विभिन्न केन्द्रीय / प्रान्तीय सेवाओं में प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से चयन हुआ है। शिक्षणेत्तर पाठ्यक्रम एनसीसी, एनसीसी (नेवल विंग), एनएसएस (06 ईकाई) नकल विहीन परीक्षा (जीरो टालरेंस), रेडक्रास एवं सेन्ट जॉन एम्बुलेंस शामिल है। आरक्षित वर्ग, दिव्यांग आदि की शासकीय नियमानुसार प्रवेश में आरक्षण एवं छात्रवृत्ति की सुविधाएं प्रदान की जाती है। सांस्कृतिक कार्यक्रम, क्रीड़ा आदि हेतु एक्टिविटी क्लब बनाया गया है। स्नातक स्तर पर 15 रोजगार परक (वोकेशनल) पाठ्यक्रम है। साथ ही विश्वविद्यालय से निकट होने के कारण परीक्षा सम्बन्धी समस्याओं का त्वरित समाधान हो जाता है। महाविद्यालय में स्नातक स्नातकोत्तर के छात्र-छात्राओं के लिए यूनिफार्म अनिवार्य कर दिया गया है।