-शिकायत पर जांच में जुटी कोतवाली पुलिस
अयोध्या। नगर कोतवाली क्षेत्र में मुर्गा चोरी कर पार्टी किए जाने का मामला सामने आया है। बच्चे की ओर से खुलासा किए जाने के बाद पीड़ित ने तहरीर नगर कोतवाली पुलिस को दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के महाजनी टोला कोयला हाता निवासिनी महिला कुसुम पत्नी स्वर्गीय शत्रुघ्न अपने घर पर मुर्गा पालन का काम करती है। उसने देशी मुर्गा पाला हुआ था लेकिन काफी दिनों से मुर्गा चोरी हो रहा था। होली के पर्व पर तीन मुर्गे चोरी हुए थे।
इधर बीच 24 एवं 25 जुलाई की रात्रि सात मुर्गा चोरी हो गए। वह मुर्गा चोरी को लेकर परेशान थी। पीड़िता कुसुम यह समझ रही थी कि मुर्गों को बिलैया खा गई होगी। इसी बीच शनिवार 1 अगस्त को दोपहर लगभग एक से दो बजे के बीच एक मुर्गी चोरी हो गई। पीड़िता को शक हुआ तो उसने तहकीकात शुरू की। कुसुम का कहना है कि मोहल्ले के बच्चे ने बताया कि मुर्गी को हाता में ही रहने वाला हनुमान पुत्र स्वर्गीय दिलीप तथा अभिषेक ठाकुर उर्फ शंभू पुत्र अजय ठाकुर और कसाब बाड़ा निवासी राशिद पुत्र शकील चुरा कर ले गए हैं।
इन लोगों ने मुर्गा चोरी करने के बाद ऋषि टोला गढ़िया पर बनाया और खाया तथा शराब पी। एक आरोपी अभिषेक ठाकुर की मां पुलिस लाइन में बर्तन मनाने का काम करती है। जिसके चलते इनका लड़का मनबढ़ हो गया है और कई बार उसके खिलाफ छेड़खानी और चोरी की शिकायत आई है। रिकाबगंज चौकी इंचार्ज चंद्र मोहन शुक्ला ने बताया कि हेड कांस्टेबल मोहम्मद राशिद के साथ उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मोहल्ले के एक बच्चे ने मुर्गा चोरी के बारे में जानकारी दो है और आरोपियों का नाम बताया है। बच्चे के बयान की तस्दीक कराई जा रही है और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
विवाद में शामिल चार का शांति भंग में चालान
अयोध्या। कैंट थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र में हुए विवादों में शामिल चार लोगों के खिलाफ पाबंदी की कार्रवाई करते हुए सभी का शांति भंग में चालान किया है। इसके पूर्व सभी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है।
थाने के प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि विवाद की खबर पर पहुंची पुलिस में मौके से विवाद में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने थाना क्षेत्र के बेगमगंज गढ़ैया निवासी राजू उर्फ मन्ना पुत्र स्वर्गीय हृदय राम इसी थाना क्षेत्र के डूडा कॉलोनी रतिया निवासी 22 वर्षीय मिथिलेश निषाद पुत्र ज्ञान चंद्र, कुर्मी का टोला नया पुरवा निवासी संजू वर्मा पुत्र रामकुमार तथा जमथरा बंधा निवासी रामफल निषाद पुत्र स्वर्गीय छेदीलाल के खिलाफ पाबंदी की कार्रवाई करते हुए सभी का मेडिकल परीक्षण करवा शांति भंग में चालान किया है।
शारीरिक शोषण का आरोपी गिरफ्तार
अयोध्या। जनपद की नगर कोतवाली पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण और डीएनए सैंपलिंग करवा चालान किया है। प्रकरण में मूल रूप से पड़ोसी जनपद अंबेडकरनगर के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली और यहां नगर कोतवाली के नवीन मंडी क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर रहने वाली महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी । आरोप लगाया था कि शादी का झांसा देकर शख्स ने उससे अंतरंगता बढ़ाई और उसका शारीरिक शोषण किया
। इस बीच वह गर्भवती हो गई तो उसका गर्भपात करवा दिया। शादी का दबाव बनाने पर शादी करने से इनकार कर दिया और उसके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की तथा जान से मार डालने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि दर्ज मुकदमें में विवेचना में जुट नवीन मंडी पुलिस चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक संजय यादव की टीम ने उसरु नहर की पुलिया के पास से महेन्द्र देव दुबे निवासी देवलपारा दुबान का पुरवा कुचेरा बाजार थाना इनायतनगर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महेन्द्र देव दुबे के खिलाफ पहले से इनायतनगर थाने में लूटपाट, मारपीट,जानलेवा हमला आदि के चार मामले दर्ज मिले हैं।
पानी बेचने वाले की मौत, प्रवर्तन दल पर आरोप
अयोध्या । नयाघाट क्षेत्र में शनिवार की शाम ठेले पर पानी बेचने वाले बिहार निवासी दीपक कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसकी पत्नी का आरोप है कि प्रवर्तन दल द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान उसे डंडा लेकर दौड़ाया गया, जिससे उसकी गिरकर मौत हो गई। हालांकि घटना के उसके परिवारीजन शव लेकर बिहार स्थित अपने पैतृक निवास चले गए। वहीं, प्रवर्तन दल के प्रभारी वीके सिंह ने बताया शनिवार को नयाघाट पर इस तरह का कोई ऑपरेशन ही नहीं चलाया गया। ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि उक्त दुकानदार की तबियत खराब हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे ई-रिक्शा से श्रीराम चिकित्सालय पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सोशल मीडिया पर अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान दौड़ाए जाने से हुई मौत की खबर भ्रामक व तथ्यहीन है।