-सांसद अवधेश प्रसाद के पुतला दहन की घटना को दलित समाज का बताया अपमान
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री तेज नारायण पाण्डेय पवन ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम जी के मंदिर में चढ़ावे की चोरी होती है, तब संघ, विहिप और भाजपा के लोगों के मुँह से आवाज़ तक नहीं निकलती। जब भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने हनुमान जी महाराज, बजरंगबली को भाजपा का झंडा पकड़ाकर नचाया जाता है, तब आपकी भावना और सम्मान को ठेस नहीं पहुँचती। संघ, विहिप और भाजपा के लोगों को कोई तकलीफ़ नहीं होती। जब राम मंदिर पर सवाल उठाने पर भाजपा प्रवक्ता द्वारा भगवा वस्त्रधारी पुजारी को पीटा जाता है, तब संघ, विहिप और भाजपा का सम्मान नहीं जागता। लेकिन जब दलित बिरादरी के सांसद राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी का मुद्दा उठाते हैं और संघ, विहिप व भाजपा की पोल खोलते हैं, तब भारतीय जनता पार्टी, संघ, विहिप और भाजपा के लोगों को बहुत बुरा लगता है।
शाने अवध सभागार में रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री तेजनाराण पाण्डेय पवन ने कहा कि सांसद पप्पू यादव ने भगवा वस्त्र राम मंदिर के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी के संदर्भ में पहने थे। पप्पू यादव से गलती हुई क्योंकि प्रदर्शन के दौरान भगवान राम का चित्र जमीन पर गिर गया था। पवन पांडे ने कहा कि इस गलती के लिए उन्होंने अयोध्या की जनता से माफी मांगी और पप्पू यादव को भी माफी मांगनी चाहिए। वहीं शनिवार को रामनगरी अयोध्या में संतों के प्रदर्शन के दौरान फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद के पोस्टर पर कालिख पोतने और जूते मारने की घटना की उन्होंने कड़ी निंदा की।
पवन पांडे ने इसे फैजाबाद-अयोध्या की 18 लाख जनता और देश की 140 करोड़ जनता का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह संघ, विहिप और भाजपा के लोगों द्वारा सांसद अवधेश प्रसाद का पुतला फूंककर तथा उनके चित्र के साथ दुर्व्यवहार कर उन्हें अपमानित किया गया, वह केवल उनका ही नहीं, बल्कि पूरे पीडीए समाज और दलित समाज का अपमान है।
पूरी समाजवादी पार्टी इसकी घोर निंदा करती है उन्होंने कहा कि पूरी भाजपा दलित समाज के सांसद को बर्दास्त नहीं कर पा रही है। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, महासचिव हामिद जाफर मीसम, उपाध्यक्ष श्रीचंद यादव ,राकेश यादव, राष्ट्रीय महासचिव अधिवक्ता सभा शावेज़ जाफ़री एडवोकेट , जिला उपाध्यक्ष ओरौनी पासवान, सुनील कुमार , संजय चौधरी, वीरेंद्र गौतम, शिव शंकर शिवां , के पी चौधरी , अनस खान आदि लोग मौजूद थे।
भाजपा समर्थकों द्वारा कांग्रेस नेताओं के चित्र जलाने की घटना लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला
अयोध्या। कांग्रेस जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह, महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम तथा पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से भाजपा समर्थकों द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध लगाए गए कथित निराधार आरोपों तथा उनके चित्र जलाए जाने की घटना की कड़ी निंदा की है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब अयोध्या में चढ़ावे की चोरी की घटना सामने आई, जिससे पूरे विश्व में अयोध्या की छवि धूमिल हुई, तब भाजपा और स्वयंभू सनातन धर्म के ठेकेदार मौन रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के रोड शो में भगवान हनुमान का अभिनय कर रहे कलाकारों का प्रदर्शन कराया गया तथा हनुमान जी की छवि का विभिन्न आयोजनों में अनुचित ढंग से उपयोग किया गया, तब भी इन लोगों ने सनातन धर्म के सम्मान की बात नहीं की।
उन्होंने कहा कि आज एक नाट्य मंचन को आधार बनाकर अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं। यदि वास्तव में ये लोग सनातन धर्म के प्रति आस्था रखते हैं, तो उन्हें चढ़ावे की चोरी और धार्मिक प्रतीकों के कथित दुरुपयोग जैसे मुद्दों पर भी समान रूप से आवाज उठानी चाहिए थी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूर्वाग्रह से ग्रसित मानसिकता रखने वाले लोगों को प्रभु श्रीराम और हनुमान जी सद्बुद्धि प्रदान करें। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन के रवैये पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब विपक्षी दल किसी प्रकार का प्रदर्शन करते हैं, तो प्रशासन तत्काल सक्रिय होकर रोक-टोक करता है।
किंतु आज भाजपा समर्थकों द्वारा विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं के चित्र जलाए गए और प्रशासन मूकदर्शक बना रहा। उन्होंने इसे प्रशासन का दोहरा मापदंड बताते हुए इसकी निंदा की और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन राजनीतिक विरोध के नाम पर इस प्रकार की उकसाऊ और अशोभनीय गतिविधियां लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध हैं।