-इंटरनेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ रिवर के बीच सरयू नदी के संरक्षण, पुनर्जीवन एवं सतत प्रबंधन हेतु एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन एमओयू पर हस्ताक्षर
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय और इंटरनेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ रिवर के बीच सरयू नदी के संरक्षण, पुनर्जीवन एवं सतत प्रबंधन हेतु एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह सप्ताह के दौरान श्रीराम शोध पीठ में आयोजित कार्यक्रम में यह समझौता कुलसचिव विनय कुमार सिंह एवं वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार चौधरी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। सरयू रिवर रिसर्च लेबोरेटरी एमओयू के तहत विश्वविद्यालय में वैज्ञानिक अनुसंधान, जल गुणवत्ता, प्रदूषण और नदी पारिस्थितिकी के अध्ययन के लिए विशेष प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी। दोनों संस्थान मिलकर शोध परियोजनाओं, तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और विद्यार्थियों के लिए अनुसंधान अवसरों को बढ़ावा देंगे।
पर्यावरण वैज्ञानिक डॉ. बिस्वजीत राय चौधरी ने वॉटर रिसोर्सेस एंड देयर सस्टेनेबल मैनेजमेंट विषय पर व्याख्यान देते हुए जल संरक्षण में समुदाय की सहभागिता पर जोर दिया। कुलसचिव ने कहा कि यह समझौता ज्ञापन विश्वविद्यालय के अकादमिक और सामाजिक दायित्वों को एक नई दिशा प्रदान करेगा। पवित्र सरयू नदी न केवल हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान है, बल्कि इसका पर्यावरणीय संतुलन भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। अंतरराष्ट्रीय संस्थान के साथ यह साझेदारी विश्वविद्यालय के शोधार्थियों और विद्यार्थियों को अत्याधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान, नई तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय स्तर के शोध अवसरों से जोड़ेगी।
सरयू रिवर रिसर्च लेबोरेटरी की स्थापना से नदी संरक्षण के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत होगी। विभागाध्यक्ष पर्यावरण विज्ञान विभाग डॉ. चौधरी ने बताया कि सरयू नदी के सतत प्रबंधन और जल गुणवत्ता में सुधार के लिए यह कदम वैज्ञानिक दृष्टिकोण से मील का पत्थर साबित होगा। इस शोध प्रयोगशाला के माध्यम से हम नदी के जल की सूक्ष्मता से जांच, प्रदूषण स्तर का सटीक आकलन और इसके जैव-पारिस्थितिकी के संरक्षण पर केंद्रित कार्य कर सकेंगे। यह पहल न केवल हमारे छात्रों को जल संरक्षण और नदी प्रबंधन में व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान का अवसर देगी, बल्कि स्थानीय पर्यावरण और सरयू तटीय क्षेत्रों के विकास के लिए एक टिकाऊ ढांचा भी तैयार करेगी।