-अगली बैठक में नई परियोजनाओं को भी किया जाए शामिल
अयोध्या।मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में संपन्न हुई। बैठक में अपर आयुक्त अजयकांत सैनी, डीआईजी सोमेन बर्मा,जिलाधिकारी अयोध्या शशांक त्रिपाठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव ग्रोवर, जिलाधिकारी सुल्तानपुर इंद्रजीत सिंह, जिलाधिकारी अमेठी संजय चौहान, जिलाधिकारी अंबेडकर नगर ईशा प्रिया व जिलाधिकारी बाराबंकी ईशान प्रताप सिंह एवं मंडल के मुख्य विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने विभिन्न विभागों की प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत प्रगति बढ़ाने पर जोर दिया तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। फैमिली आईडी की समीक्षा के दौरान सभी जनपदों को बी श्रेणी से ए श्रेणी में लाने तथा अवशेष परिवारों को शीघ्र शामिल करने को कहा। जल जीवन मिशन (ग्रामीण) की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
पर्यटन विभाग की समीक्षा में सुल्तानपुर में चल रहे कार्यों की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को तेजी लाने तथा उप निदेशक पर्यटन को स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही, भूमि विवादों का त्वरित निस्तारण कर कार्यों में गति लाने पर बल दिया। आईसीडीएस एवं पोषण अभियान में जनपदों की रैंकिंग सुधारने, युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत ग्रामीण स्टेडियम, ओपन जिम एवं अयोध्या में मल्टीपरपज हॉल के निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सेतु निर्माण कार्यों की समीक्षा में हल्कारा का पुरवा, मौदहा तथा तमसा नदी पर निर्माणाधीन परियोजनाओं को बरसात से पूर्व पूर्ण करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के अंतर्गत टूलकिट वितरण समय से पूर्ण कराने, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना में प्रगति तेज करने तथा निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। फार्मर रजिस्ट्री में अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण कराने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के निरस्त आवेदनों की समीक्षा कर कारण स्पष्ट करने को कहा गया। पीएम कुसुम योजना, एग्री स्टैक, डिजिटल क्रॉप सर्वे, मिनीकिट वितरण एवं मक्का विकास कार्यक्रम में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग की धीमी प्रगति पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
पशुधन विभाग की समीक्षा में निराश्रित गोवंश संरक्षण हेतु गौशालाओं के निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मनरेगा के तहत तालाब निर्माण, नेपियर घास उत्पादन, पशुओं की टैगिंग एवं टीकाकरण कराने पर जोर दिया गया। कुटकुट योजना एवं नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत शौचालय निर्माण एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, पंचायत सहायकों की भर्ती, बीसी सखी एवं विद्युत सखी कार्यक्रम, तथा मनरेगा के अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
साथ ही, डिजिटल लाइब्रेरी में पर्याप्त पुस्तकों एवं फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। अंत में मंडलायुक्त राजेश ने निर्देशित किया कि अगली बैठक में नए बिंदुओं को भी शामिल किया जाए तथा बैठक में पाई गई कमियों को समय रहते दूर कर लिया जाए। मंडलायुक्त ने विकास कार्यों की बैठक के अलावा कानून व्यवस्था एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा संबंधित अधिकारियों के साथ करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।