कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को पुलिस प्रशासन ने कृषि विश्वविद्यालय गेस्ट हाउस में किया नजर बंद

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

– उग्र एवं आक्रोशित कार्यकर्ता धरने पर बैठे, पुलिस प्रशासन के खिलाफ की जमकर नारेबाजी

मिल्कीपुर। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को नजरबंद किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं का आक्रोश खुलकर सामने आ गया जब वह अयोध्या धाम स्थित राम मंदिर दर्शन करने की तैयारी में थे। कृषि विश्वविद्यालय के मुख्य गेट नम्बर एक पर भारी संख्या में कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारी नाराज पार्टी कार्यकर्ताओं का आरोप था कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने चंदा चोरों गद्दी छोड़ो, लोकतंत्र बचाओ, अजय राय को रिहा करो एवं पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने सत्ता दल के राजनीतिक दबाव में कार्रवाई करने का आरोप लगाए। नाराज कार्यकर्ताओं ने प्रदेश एवं राष्ट्र स्तरीय शैक्षिक संस्थान कृषि विश्वविद्यालय को राजनीति का अड्डा बनाने का आरोप लगाया उन्होंने कहा कि आए दिन विश्वविद्यालय के हाल में कभी संघ की मीटिंग, कभी भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम तो कभी पार्टी के शीर्ष पदाधिकारी द्वारा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित किए जाने का आरोप जड़ा।

कांग्रेसी नेता अमरीश पांडे नेआरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ विजेंद्र सिंह ने भाजपा के हाथों विश्वविद्यालय को गिरवीं रख दिया है। जिसके चलते आज भाजपाइयों ने इसे अपना चारागाह बना रखा है। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का बढ़ता हुजूम एवं तेवर देख मौके पर मौजूद पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। जिले के कुमारगंज थाना पुलिस के अलावा इनायत नगर, बाबा बाजार, महिला थाना व सहित एक सेक्शन पीएसी फोर्स भी मौके पर बुला ली गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बढ़ती भीड़ को देख प्रशासन ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए विश्वविद्यालय गेट और आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। उधर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अयोध्या में विराजमान राम लला के दर्शन करने की जिद पर देर शाम तक अड़े रहे।

इसे भी पढ़े  अयोध्या में कैंसर मरीजों के लिए विशेष ओपीडी शुरू

उन्होंने मिलने गए पार्टी के पांच सदस्य प्रतिनिधि मंडल से कहा कि यदि प्रशासन उन्हें भगवान राम मंदिर के दर्शनकरने की इजाजत नहीं देता तो वह वहीं गेस्ट हाउस में ही आमरण अनशन करेंगे। फिलहाल उन्होंने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से वेट एंड वॉच की अपील की है।
आक्रोशित एवं नाराज कार्यकर्ताओं को एसडीएम मिल्कीपुर सुधीर कुमार एवं प्रभारी क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह सहित थानाध्यक्ष कुमारगंज सुरेश कुमार पटेल तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली इनायत नगर राजेश कुमार सिंह मान मनौव्वल में जुटे रहे। किंतु वह नहीं माने और भीषण गर्मी एवं खुले आसमान के नीचे धरने पर बैठे-बैठे उन्होंने हनुमान चालीसा पाठ शुरू कर दिया।इसी बीच प्रशासन ने भाजपा नेता चंद्रबली सिंह के विद्यालय से एक स्कूल बस मंगाई जिसमें एक दर्जन कांग्रेसी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को पुलिस अभिरक्षा में लेकर थाने पहुंचाया गया।

अपराध करीब 3:00 बजे प्रशासनिक अधिकारियों एवं कांग्रेसी नेताओं के बिछिया हुआ कि पांच कांग्रेसी नेताओं का प्रतिनिधि मंडल गेस्ट हाउस में नजर बंद किए गए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय जी से मिलने जाएगा। जिसके क्रम में पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल गेस्ट हाउस ले जाया गया। इसके बावजूद भी कांग्रेसी कार्यकर्ता गेट पर नारेबाजी करते रहे। प्रतिनिधि मंडल द्वारा प्रदेश अध्यक्ष से भेंट वार्ता करके लौटने के बाद गेट पर चल रहे धरने में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं में नेताओं को बताया गया कि प्रदेश अध्यक्ष जी ने वेट एंड वॉच की बात कही है।

इसके बाद अब प्रशासन और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आर पार की ठन गई प्रतीत हो रही है। फिलहाल खबर लिखे जाने तक नाराज कांग्रेसी कार्यकर्ताओं एवं पुलिस प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति साफ बनी रही। वहीं दूसरी ओर कृषि विश्वविद्यालय के दोनों प्रवेश द्वारों पर पुलिस का कड़ा पहरा होने और गेट को सील कर दिया जाने के चलते कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित दो बैंकों एवं पोस्ट ऑफिस तक पहुंचने में उपभोक्ताओं को निराश होकर वह वैरंग अपने घर को वापस लौटना पड़ा। मीडिया सहित आम जन का पूरी तरह से प्रवेश वर्जित रहा।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya