-मूर्ति विसर्जन के दृष्टिगत सुरक्षा, स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के साथ तहसील रुदौली के अंतर्गत रीछ घाट एवं कामाख्या धाम स्थित मूर्ति विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए की जा रही तैयारियों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि मूर्ति विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराकर दुरुस्त रखी जाएं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत कराकर आवागमन सुगम बनाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि मूर्ति विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके दृष्टिगत घाटों पर सुरक्षा के समुचित प्रबंध, स्वच्छता एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से कामाख्या धाम में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ के दृष्टिगत प्रभावी भीड़ प्रबंधन एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने तथा मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम के दौरान सतर्कता बनाए रखने को कहा। इस अवसर पर उप जिला अधिकारी रुदौली विनोद गुप्ता, क्षेत्राधिकार रुदौली अरविंद सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।