अयोध्या। रामपथ पर नगर कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। जिला अस्पताल प्रशासन के मेमो पर नगर कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और अंतिम संस्कार के लिए परिवार के हवाले किया है।
बताया गया कि इमामबाड़ा, राठहवेली, कोतवाली नगर क्षेत्र का रहने वाला एहतसाम उर्फ लकी (16 वर्ष) पुत्र मोहम्मद शोएब सुबह अपनी मोटरसाइकिल से कहीं जा रहा था।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि रामपथ पर तेज रफ्तार बाइक अंगूरीबाग प्राथमिक विद्यालय के सामने सड़क किनारे खड़े नगर निगम के वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार हुई कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर की जोरदार आवाज के बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई और मामले की खबर इलाकाई पुलिस तथा एंबुलेंस को दी गई। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने गंभीर घायल किशोर को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने परीक्षण के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि किशोर की मौके पर ही मौत हो गई थी। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नगर कोतवाली पुलिस का कहना है कि हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया,जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। दुर्घटना के कारण की विस्तृत जांच पड़ताल कराई जा रही है।