रेलवे स्टेशन मार्ग पर बनेगा फूड प्वाइंट, फव्वारे का होगा कायाकल्प

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-स्वच्छता जागरूकता के लिए नगर निगम ने चलाया विशेष अभियान

अयोध्या। रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर भाजपा कार्यालय के निकट फूड प्वाइंट विकसित किया जाएगा। वहीं गुरु गोविंद सिंह चौक स्थित फव्वारे का कायाकल्प कराया जाएगा। रविवार को नगर भ्रमण एवं सफाई अभियान के दौरान महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार भी थे।

महापौर ने अशफाक उल्ला खां वार्ड में जेल के पीछे स्थित पार्किंग स्थल पर सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में नगर निगम के साथ नागरिकों की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। नगर निगम की ओर से जनसहयोग से स्वच्छता को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फेंकने, गीला-सूखा कचरा अलग रखने और अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहकर नागरिकों की दैनिक आदत का हिस्सा बननी चाहिए। सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने में दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों की जिम्मेदारी भी अहम है।

सफाई अभियान के बाद महापौर और नगर निगम की टीम ने पैदल निरीक्षण किया। स्टेशन रोड की ओर बढ़ने पर तालाब के सामने पीपल के वृक्ष के पास चबूतरा बनवाने का निर्देश दिया गया। यहां स्थित मार्केट हाउस के आसपास भी व्यवस्थाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए गए। तालाब एवं हरित क्षेत्र को साफ-सुथरा कर जनोपयोगी बनाने का सुझाव पार्षद अखिलेश पांडे ने दिया। इस पर नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

इसे भी पढ़े  डीसीएम में पीछे से टकराया ट्रेलर, खलासी घायल

भाजपा कार्यालय के निकट प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने के लिए लाइट लगवाने का निर्देश भी महापौर ने दिया। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे निर्मित नाली की स्थिति का जायजा लेकर उसकी खामियां दूर करने के निर्देश दिए गए।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि गुरु गोविंद सिंह चौक पहुंचने पर फव्वारे की बदहाल स्थिति देखकर महापौर ने नाराजगी जताई। उन्होंने फव्वारे के कायाकल्प के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों और फुटपाथ दुकानदारों ने दुकान लगाने के लिए स्थान उपलब्ध कराने की मांग रखी। क्षेत्रीय पार्षद दीप कुमार ने भी मांग का समर्थन किया। महापौर ने व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के लिए फूड प्वाइंट विकसित करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, जोनल अधिकारी सुभाष त्रिपाठी समेत नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya