राम मंदिर चढ़ावा मामले में एसआईटी की क्लीन चिट पर सपा सांसद ने सरकार पर साधा निशाना

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-आईपीएस आशुतोष मिश्रा की मां की मौत पर भी उठाया सवाल

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) की अंतिम रिपोर्ट सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। एसआईटी द्वारा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा को क्लीन चिट दिए जाने के बाद सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।

मंगलवार को शाने अवध सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में सपा सांसद ने आरोप लगाया कि सरकार अपने लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मामला किसी व्यक्ति विशेष की संपत्ति का नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के दरबार और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है। उनके मुताबिक इस प्रकरण से अयोध्या की छवि प्रभावित हुई है। सांसद ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को सदन में भी उठाया था और प्रधानमंत्री से निष्पक्ष जांच की अपेक्षा जताई थी। अवधेश प्रसाद ने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार धर्म की हानि होने पर उसका हिसाब अवश्य होता है। उन्होंने दावा किया कि श्रीराम के नाम पर हुई किसी भी अनियमितता के लिए जिम्मेदार लोग भविष्य में जवाबदेह होंगे।

अवधेश प्रसाद ने अंबेडकरनगर में आईपीएस आशुतोष मिश्रा की माता के निधन के मामले को लेकर भी सवाल उठाए। वह शोक व्यक्त करने उनके आवास पहुंचे थे। सांसद ने कहा कि मृतका से उनका पुराना परिचय था और उन्होंने पूर्व में उनसे आशीर्वाद भी लिया था तथा उनके हाथों से भोजन किया था।

पुलिस की ओर से मौत की वजह हार्ट अटैक बताए जाने पर सांसद ने असहमति जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने दावा किया कि उन्हें जानकारी मिली है कि मृतका के मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था और आभूषण भी गायब थे। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। सांसद ने कहा कि मामले को किसी भी तरह तोड़-मरोड़कर पेश नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya