कृषक दुर्घटना योजना के लाभार्थियों को विधायक ने वितरित किए पांच-पांच लाख के चेक

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

अयोध्या। कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी भवन में आयोजित कार्यक्रम में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र के 18 लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए। इस योजना के तहत दुर्घटना में किसान की मृत्यु अथवा दिव्यांगता की स्थिति में पात्र आश्रितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। चेक प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को इस सहायता से परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर लखनऊ में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसी क्रम में अयोध्या जिले में कनिष्ठ सहायक (जूनियर असिस्टेंट) के 16 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र सौंपे गए। नियुक्ति पत्र मिलने पर चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह दिखाई दिया।

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए संकट की घड़ी में उनके परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। कृषक दुर्घटना कल्याण योजना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में अवसर उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। रोजगार के अवसर मिलने से युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का मौका मिल रहा है। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी, जनप्रतिनिधि पार्टी पदाधिकारी, लाभार्थी मौजूद रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya