अयोध्या। बुधवार को शहर के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित सिविल लाइन इलाके में पुलिस विभाग का एक आरक्षी शराब के नशे में टल्ली होकर झूमता दिखा। बाद में वह नशे के कारण बेहोश हो गया और राम पथ के फुटपाथ पर लेट गया। मामले की सूचना पर रिकाबगंज चौकी पुलिस ने सिपाही का जिला अस्पताल में मेडिकल और एल्कोहल परीक्षण कराया है। विभागीय कार्यवाही के लिए रिपोर्ट पुलिस कार्यालय को भेजी है। रिपोर्ट पर एसएसपी ने आरक्षी को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कराई है।
बताया गया कि पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी 35 वर्षीय विकास सिंह ने दिन में ही छककर शराब पी ली। नशे के कारण वह ठीक से चल फिर नहीं पा रहा था और लड़खड़ाते कदमों से पुलिस लाइन की ओर जा रहा था। हालांकि नशे के कारण वह पुलिस लाइन नहीं जा पाया और सिविल लाइन चौराहे के पास इधर उधर लड़खडाने लगा और फिर रामपथ किनारे फुटपाथ पर बैठ गया। थोड़ी ही देर में नशे के कारण वह बेहोश होने लगा और फुटपाथ पर ही अपनी कैप कमर पर रखकर लेट गया।
माजरा देख आसपास और उधर से गुजर रहे लोग एकत्र हो गए तथा मामले की खबर जिला पुलिस को दी गई। इसके बाद रिकाबगंज चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और नशे में धुत सिपाही को जिला अस्पताल भेजवाकर उसका मेडिकल और एल्कोहल परीक्षण कराया तथा फिर एक आरक्षी के साथ पुलिस लाइन भेज दिया। इस दौरान लोग नशेड़ी पुलिस के करतूत का आने जाने वाले लोग कौतूहल पूर्वक नजारा लेते दिखे। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी पर संबंधित आरक्षी का मेडिकल परीक्षण करवा विभागीय कार्यवाही के लिए रिपोर्ट अधिकारियों को प्रेषित की गई।
जानलेवा हमले का एक आरोपी गिरफ्तार
अयोध्या। कैंट थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के जानलेवा हमले के एक मामले में नामजद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया है।
बताया गया कि 9 सितंबर को वीरेन्द्र कुमार मिश्रा पुत्र शिव राम मिश्रा निवासी ग्राम शैली कीरतपुर थाना वड्डूपुर जनपद बाराबंकी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कहा था कि वह अपने लडके उदय नरायन उम्र 30 वर्ष के साथ मझवा गद्दोपुर में किराये का कमरा लेकर रहता है और चौराहे पर फल का ठेला लगाता है। आरोप लगाया था कि बीती रात फल का ठेला लेकर वापस आ रहे उसके बेटे उदय नारायण को रास्ते में मोहल्ला निवासी छोटू दूवे पुत्र सुरेन्द्र कुमार दुबे ने रास्ते में खड़े ई रिक्शा को हटाने के लिए कहने पर गाली गलौच की और हमलावर हो गया।
बाद में उसका भाई मुन्ना दुबे और दो अन्य लोग भी आ गए तथा लोहे के राड से जानलेवा हमला किया। साथ ही धमकी दी। गंभीर हाल में एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाए जाने पर बाएं हाथ व बाएं पैर में फ्रैक्चर मिला तथा उसको मण्डलीय अस्पताल दर्शननगर और फिर लखनऊ के लिये रेफर कर दिया गया। कैंट पुलिस का कहना है कि दर्ज मामले की विवेचना में जुटी पुलिस ने नामजद आरोपी 37 वर्षीय सुशील कुमार दुबे उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया है।
विवाद में शामिल युवती का शांति भंग में चालान
अयोध्या। कैंट थाना पुलिस ने विवाद में शामिल एक युवती का शांति भंग में चालान किया है। कैंट पुलिस का कहना है कि विवाद की खबर पर पहुंची मीरनघाट चौकी पुलिस को गुप्तारघाट निवासी 22 वर्षीय सोनम पुत्री राधेश्याम निषाद विवाद करती मिली। समझाने के बावजूद शांत न होने पर पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया। जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा पाबंदी की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसका शांति भंग में चालान किया है।
गैंगस्टर आरोपी की गिरफ्तारी पर 15 हजार का इनाम
अयोध्या। जनपद पुलिस ने बिहार निवासी एक गैंगस्टर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 15 हजार का इनाम घोषित किया है। पुलिस कार्यालय से बताया गया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव ग्रोवर ने थाना श्रीरामजन्मभूमि पर पंजीकृत गैंगस्टर के एक अभियोग में फरार चल रहे शंकर राउत पुत्र अंबिका राउत निवासी अहरार पिपरा थाना गौनाहा जनपद पश्चिमी चम्पारण, बिहार की गिरफ्तारी के लिए 15 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है। यह गैंगस्टर का मुकदमा दो वर्ष पूर्व 2024 में दर्ज कराया गया था।