-सोमवार को उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से रामायण पर आधारित भव्य ड्रोन शो की दोबारा प्रस्तुति

अयोध्या। दीपोत्सव की रौनक के बाद जमघट के मौके पर सोमवार की शाम अयोध्या के आसमान में एक बार फिर तकनीक और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से अयोध्यावासियों के लिए 2100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए विशेष शो का आयोजन किया गया। इसमें आसमान पर उभरी रामायण के विभिन्न प्रसंगों ने लोगों को आकर्षित किया।
दीपोत्सव के मुख्य आयोजन में सात नवंबर को प्रस्तुत किया गया था, यह ड्रोन शो सोमवार को एक बार फिर स्थानीय लोगों के लिए आयोजित किया गया। करीब 2100 ड्रोन ने एक साथ उड़ान भरकर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान जी की भव्य आकृतियां बनाईं। इसके बाद रावण वध, पुष्पक विमान और भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी के दृश्य आसमान में साकार हुए। राम दरबार और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की आकृतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
इस भव्य आयोजन के अवसर पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ की न्यायमूर्ति, बबीता रानी सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे और इस अद्भुत छटा के साक्षी बने।
इस प्रस्तुति में रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि और रामचरितमानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास को भी स्थान दिया गया। संगीत और कथावाचन के बीच ड्रोन की बदलती आकृतियों के जरिए रामायण के प्रसंगों को क्रमबद्ध तरीके से दिखाया गया। रोशनी और आधुनिक तकनीक के तालमेल ने प्रस्तुति को और प्रभावशाली बना दिया।
दीपोत्सव के दौरान देश-दुनिया के पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना यह ड्रोन शो जमघट पर अयोध्या के स्थानीय निवासियों के लिए फिर से देखने का अवसर लेकर आया। विशेष आयोजन के जरिए पर्यटन विभाग ने दीपोत्सव की उत्सवी छटा को एक और शाम तक बनाए रखा।
जब आंखें नहीं देख सकीं दीपों की जगमगाहट, तो अनुभूतियों ने महसूस की रामनगरी की दिव्यता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन में अयोध्या का दीपोत्सव हर वर्ष अपनी भव्यता, दिव्यता और अलौकिक छटा से नई पहचान स्थापित कर रहा है। दीपों की असंख्य ज्योतियों से जगमगाती रामनगरी में यह आयोजन केवल प्रकाश और उत्सव का पर्व नहीं, बल्कि आस्था, अध्यात्म, संस्कृति, समरसता और संवेदनशीलता का भी प्रतीक बनता जा रहा है। इसी समावेशी भावना के साथ इस वर्ष दीपोत्सव में दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को भी उत्सव की अनुभूतियों से जोड़ने की विशेष पहल की गई, ताकि आंखों से दीपों की रोशनी न देख पाने वाले श्रद्धालु भी रामनगरी की दिव्यता, आध्यात्मिक वातावरण और प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी आस्था को पूरे भाव से महसूस कर सकें।
अयोध्या में दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के दर्शन सहजता से सुलभ कराने की दिशा में आईटीसी मंगलदीप द्वारा *‘हर भक्त श्रीराम तक’* पहल के अंतर्गत श्रीराम मंदिर परिसर में ब्रेल लिपि में ‘राम-राम’ अंकित रेलिंग तथा स्पर्श आधारित मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई है। इस अभिनव पहल का उद्देश्य दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में सहज आवागमन और दर्शन का अनुभव प्रदान करना है।
श्रीराम मंदिर में दर्शन को सुगम बनाने की इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष दीपोत्सव के अवसर पर भी दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को रामनगरी के इस भव्य आयोजन से जोड़ने का विशेष प्रयास किया गया।** जिला प्रशासन श्री के विशेष प्रयासों एवं आईटीसी मंगलदीप के सहयोग से दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को दीपोत्सव के आध्यात्मिक वातावरण, उल्लास और दिव्यता को अपनी अनुभूतियों के माध्यम से महसूस करने का अवसर मिला।
दीपोत्सव में पहुंचे दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें अत्यंत आनंद और आत्मिक संतोष की अनुभूति हुई। एक श्रद्धालु ने भावुक होकर कहा कि यहां मिलने वाली अनुभूति को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। उन्होंने प्रभु श्रीराम से अगले जन्म में आंखें देने की कामना भी व्यक्त की, ताकि वे राममंदिर को अपनी आंखों से देख सकें। वहीं, रामबाबू ने पहली बार अयोध्या पहुंचने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रभु श्रीराम की कृपा से बार-बार यहां आने की इच्छा जताई।
दृष्टिबाधित बालक हंस वर्मा ने बताया कि उन्होंने सुबह मंदिर परिसर में ब्रेल लिपि में रेलिंग पर अंकित ‘राम-राम’ को स्पर्श कर अनुभव किया, जिससे उन्हें बहुत खुशी मिली। विद्यालय के प्रतिनिधि राजकुमार यादव ने इस पहल को दृष्टिबाधित भाई-बहनों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की व्यवस्थाएं दिव्यांगजनों को सम्मान, आत्मविश्वास और सहज सहभागिता का अवसर देती हैं। आईटीसी मंगलदीप के प्रतिनिधि श्री शशिकांत मिश्रा ने भी बताया कि ब्रेल लिपि और स्पर्श आधारित मार्गदर्शन के माध्यम से दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में सहज आवागमन में सहायता मिल रही है।
श्रद्धालुओं ने दिव्यांगजनों के सम्मान और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए मा० प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ‘विकलांग’ के स्थान पर ‘दिव्यांग’ जैसे सम्मानजनक संबोधन को प्रोत्साहित करने तथा दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों से उन्हें नई पहचान और सम्मान मिला है। साथ ही, अयोध्या को वैश्विक सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान दिलाने और दीपोत्सव को समावेशी स्वरूप प्रदान करने के लिए मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रति भी आभार जताया।
अयोध्या का यह दीपोत्सव संदेश देता है कि उत्सव की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उसकी खुशियां और अनुभूतियां समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचें। दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं के लिए की गई यह पहल इसी संवेदनशील सोच का उदाहरण है, जहां दीपों की रोशनी भले ही आंखों तक न पहुंची हो, लेकिन आस्था, स्पर्श और भावनाओं के माध्यम से रामनगरी की दिव्यता उनके हृदय में अवश्य उतर गई।