-ग्रीन डे सेलिब्रेशन के साथ, राखी मेकिंग कम्पटीशन भी हुआ

अयोध्या। गायत्री पब्लिक स्कूल रेवतीगंज में ग्रीन डे सेलिब्रेशन के साथ रक्षा बंधन का पर्व धूम धाम से मनाया गया। इस दौरान राखी मेकिंग कम्पटीशन भी हुआ। छात्राओं ने छात्रों की कलाई पे राखी बांधी जिसके बाद छात्रों ने स्वनिर्मित उपहार बहनों को भेंट कर एक दूसरे के प्रति अपने कर्तव्यों और समर्पण का संकल्प लिया।
प्रबंधक उमा शंकर शुक्ल ने ग्रीन डे पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका उद्देश्य एक ऐसा सुंदर विश्व बनाना है जो प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों की कमी से मुक्त हो। प्लास्टिक पर प्रतिबंध, अधिक पेड़-पौधे लगाना, पानी बचाने के साथ हमें प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करनी चाहिए और उनका कुशलतापूर्वक और सावधानीपूर्वक उपयोग करना चाहिए।
प्रधानाचार्या शिखा दूबे ने रक्षाबंधन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रावण मास में पूर्णिमा के दिन मनाये जाने वाले हमारे संस्कृति की पहचान रक्षाबंधन पर हर भारतवासी को गर्व है । इसमें भाई बहन के प्रति असीम स्नेह और कर्तव्यों के निर्वहन के साथ परस्पर एक दूसरे के प्रति रक्षा और सहयोग की भावना निहित है। वामनावतार नामक पौराणिक कथा के अनुसार राजा बलि ने अपनी भक्ति के बल पर भगवान विष्णु को हर समय अपने साथ रहने का वचन ले लिया था। इसके बाद चिंतित माता लक्ष्मी ने राजा बलि की कलाई में राखी बांधकर भगवान विष्णु को अपने साथ वापस लेकर गईं ।
मेवाड़ की महारानी कर्मावती ने मुगल राजा हुमायूं को राखी भेज कर रक्षा याचना की थी । सिकंदर की पत्नी ने अपने पति के हिंदू शत्रु पुरु को राखी बांधकर भाई बनाया और सिकंदर को न मारने का वचन लिया। शिशुपाल के वध के समय भगवान श्री कृष्ण की तर्जनी में चोट लगने पर लहू रोकने के लिये द्रौपदी ने साड़ी फाड़कर उनकी उंगली में बांध दी थी तो श्री कृष्ण ने चीरहरण के समय द्रौपदी की लाज बचाकर यह कर्ज चुकाया था। पूरा कार्यक्रम प्रभा शंकर शुक्ल, शिव सागर सरस्वती तिवारी, सुधा पाण्डेय, रितिका मिश्रा, रूपा सिंह, अनामिका पाण्डेय, कीर्ति पांडेय की देख रेख और मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।