रात्रि पाली में सफाई नहीं करेंगी महिला कर्मी, आयोग जारी करेगा आदेश

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य मनोज वाल्मीकि ने दी जानकारी, सफाई कर्मियों की समस्याएं सुनकर दिया समाधान का भरोसा

अयोध्या। महिला सफाई कर्मियों को अब रात आठ बजे के बाद सफाई कार्य में नहीं लगाया जाएगा। इस संबंध में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग जल्द ही आदेश जारी करेगा। यह जानकारी मंगलवार को सर्किट हाउस में आयोग के सदस्य मनोज कुमार वाल्मीकि ने पत्रकारों से बातचीत में दी। उन्होंने नगर निगम सफाई कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय से संबद्ध राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य अयोध्या पहुंचे। उन्होंने श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन किया। मंगलवार को सफाई कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। मनोज वाल्मीकि ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की ओर से बीमा, श्रम कानूनों के तहत मजदूरी का भुगतान तथा विपरीत परिस्थितियों में कार्य करने वाले कर्मचारियों के लिए भोजन और पेयजल की उचित व्यवस्था जैसी समस्याएं सामने आई हैं। इन सभी बिंदुओं पर विचार कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी कार्य परिस्थितियों में सुधार के लिए आयोग प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की परिकल्पना के अनुरूप अयोध्या का विकास हो रहा है। इस विकास में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना भी जरूरी है। उनके सामने मार्ग दुर्घटना में महिला सफाई कर्मी के घायल होने का भी मामला सामने आया। उन्होंने हर संभव मदद देने की बात कही।

इसे भी पढ़े  बारह लाख दीपक तैयार,खरीददार नदारद, एक रुपए भी नहीं मिल रहा दाम

इससे पहले मनोज कुमार वाल्मीकि ने एयरपोर्ट परिसर में महाकवि वाल्मीकि की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। श्रीराम मंदिर परिसर स्थित वाल्मीकि मंदिर में पूजन के दौरान उन्होंने विशेष अनुभूति होने की बात भी कही।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya