दीपोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर एडीजी जोन, मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-राम की पैड़ी एवं श्री सरयू घाट सहित प्रमुख कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के दिए निर्देश


अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में 7 नवंबर को आयोजित होने वाले दसवें दीपोत्सव-2026 को दिव्य, भव्य, सुव्यवस्थित एवं सकुशल संपन्न कराने के दृष्टिगत तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में एडीजी जोन लखनऊ प्रवीण कुमार एवं मंडलायुक्त राजेश कुमार के साथ जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव ग्रोवर ने राम की पैड़ी, श्री सरयू घाट सहित विभिन्न प्रमुख कार्यक्रम स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षित आवागमन, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, मंच व्यवस्था एवं कार्यक्रमों के सुचारु संचालन से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कर ली जाएं, ताकि दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

एडीजी जोन एवं मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं के प्रवेश, आवागमन एवं निकासी के लिए निर्धारित मार्गों तथा प्रवेश एवं निकास द्वारों की नंबरिंग समय से सुनिश्चित की जाए। श्री सरयू जी की आरती के दौरान साधु-संतों के लिए समुचित व्यवस्था की जाए। नगर निगम को पेयजल, शौचालय एवं साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रमुख स्थलों एवं मार्गों पर पर्याप्त साइनेज लगाए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा हो।

हेलीपैड की तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा मंच व्यवस्था, कार्यक्रमों के सजीव प्रसारण एवं आतिशबाजी से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

इसे भी पढ़े  मां सरयू स्वच्छता महाभियान के लिए महापौर ने संतों-पार्षदों से किया संवाद

*कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारियों की समीक्षा*

स्थलीय निरीक्षण के उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में एडीजी जोन लखनऊ, मंडलायुक्त जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के साथ दीपोत्सव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्ण हो चुके कार्यों की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं को बनाए रखने तथा शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

विद्युत आपूर्ति:* विद्युत विभाग को दीपोत्सव के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए।

घाटों की स्वच्छता एवं सिंचाई व्यवस्था: सिंचाई विभाग को घाटों की साफ-सफाई के साथ पंप हाउस पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

सजीव प्रसारण एवं सूचना व्यवस्था: सूचना विभाग को प्रमुख कार्यक्रमों का सजीव प्रसारण स्क्रीन के माध्यम से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए, जिससे श्रद्धालु विभिन्न स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों को सुगमता से देख सकें।

सड़क एवं आवागमन व्यवस्था: लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत, साफ-सफाई एवं आवागमन योग्य स्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संबंधित विभागों को सड़कों को सुव्यवस्थित रखने तथा जल रिसाव की समस्याओं का तत्काल समाधान करने को कहा गया।

पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन: रोडवेज विभाग को पर्याप्त बसों की व्यवस्था रखने तथा संबंधित अधिकारियों को वाहनों की पार्किंग इस प्रकार व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए, जिससे श्रद्धालुओं एवं आमजन के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा दिए गए सुझावों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं में प्रस्तावित बदलावों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें तथा अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें।

इसे भी पढ़े  रात्रि पाली में सफाई नहीं करेंगी महिला कर्मी, आयोग जारी करेगा आदेश

इस अवसर पर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराग जैन, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर दिनेश, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर देवेंद्र भिटौरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya