-डीएम ने विद्युत आपूर्ति, कनेक्शन एवं बिलिंग व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में जनपद में विद्युत आपूर्ति,विद्युत कनेक्शन एवं बिलिंग व्यवस्था से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री कृष्ण कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। समीक्षा के दौरान मिल्कीपुर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की स्थिति की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने एसडीओ रानी बाजार एवं मिल्कीपुर को विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए। क्षेत्र में अत्यधिक शटडाउन के कारणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्यवाही कर समस्या को दूर करने के निर्देश भी दिए गए
जिलाधिकारी ने विद्यालयों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ नवनिर्मित विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन की स्थिति की समीक्षा की तथा आवश्यकतानुसार शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही माझा कला सहित बाढ़ प्रभावित गांवों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था को शीघ्र सामान्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विद्युत बिलों की बिलिंग व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को त्रुटिपूर्ण बिल जारी न किए जाएं तथा मीटर रीडिंग एवं बिलिंग की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता एवं शुद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मीटर रीडिंग करने वाली एजेंसी तथा विजिलेंस टीम के प्रतिनिधियों को अगली बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए, ताकि बिलिंग एवं विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं की प्रभावी समीक्षा की जा सके।
जिलाधिकारी ने विद्युत ट्रांसफार्मरों की क्षमता की भी समीक्षा करते हुए आवश्यकता के अनुसार ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए। दर्शन नगर एवं अयोध्या धाम क्षेत्र में विद्युत की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए अतिरिक्त क्षमता वाले ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, पंचायत भवनों, सामुदायिक शौचालयों एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों सहित सभी आवश्यक स्थलों पर विद्युत आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।