-दो बहनों को स्कूल छोड़ने पहुंची थी वैन, अचानक वाहन के नीचे आ गया मासूम
मिल्कीपुर। इनायतनगर थाना क्षेत्र के मुकीमपुर गांव के मजरे पूरे लाल चौरिहन में शनिवार सुबह स्कूल वाहन की चपेट में आने से डेढ़ वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही गांव के बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
बताया गया कि शनिवार सुबह करीब आठ बजे पलिया माफी शाहगंज स्थित रिवर व्यू इंटरनेशनल स्कूल की वैन बच्चों को लेने के लिए पूरे लाल चौरिहन पहुंची थी। इसी दौरान गांव निवासी रमाशंकर तिवारी की दो बेटियां वैन में बैठकर स्कूल जाने के लिए तैयार हो गई थीं। इसी बीच उनका डेढ़ वर्षीय छोटा भाई आयांश अचानक वैन के नीचे आ गया। वाहन के चक्के की चपेट में आने से बच्चे के सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना के बाद पड़ोसी सुजीत कुमार दुबे सहित अन्य लोग आनन-फानन में घायल बच्चे को शाहगंज ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने के बाद इलाज के दौरान आयांश की मौत हो गई।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। घटना के समय बच्चों के साथ मौजूद मां और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल प्रशासन की ओर से शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उधर घर पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है और पोस्टमार्टम के बाद शव आने का इंतजार किया जा रहा है।
मृतक के पिता रमाशंकर तिवारी करीब एक सप्ताह पूर्व रोजगार के सिलसिले में दिल्ली गए थे। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद वह दिल्ली से घर के लिए रवाना हो गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व प्रधान विजय गुप्ता, मंसाराम, संतराम दुबे, कानूनगो, समाजसेवी मानस मणि तिवारी, राजकरण तिवारी, रामगोपाल तिवारी, राम भुआल, जयप्रकाश, हरिनाथ तिवारी, रामतीर्थ कोटेदार, राम जियावन, राम अंजोर, सुधीर कुमार, दीपू गुरुजी, निर्मल, जगन्नाथ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढ़स बंधाया।