-पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील, 24 अक्टूबर को भी आयोजित होगा विशेष आयोजन दिवस
अयोध्या। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का लाभ उठाते हुए मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं।
इसी क्रम में आज विशेष अभियान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा क्षेत्र गोसाईगंज के अंतर्गत के0के0ए0डी0 इंटर कॉलेज, मजहरूद्दीनपुर खजुराहट स्थित बूथ संख्या 22, 23 एवं 24 सहित विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची का अवलोकन किया तथा संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि विशेष अभियान दिवसों के साथ-साथ अन्य निर्धारित दिनों में भी पात्र नागरिकों के मतदाता पंजीकरण से संबंधित कार्यवाही समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विशु राजा ने भी मतदेय स्थल प्राथमिक विद्यालय जगनपुर में बूथ संख्या 157, 158,159 एवं 160 का निरीक्षण किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिन नागरिकों की आयु 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन करें। उन्होंने छूटे हुए एवं नए पात्र मतदाताओं से भी निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत अपना पंजीकरण कराने की अपील की। मतदाता सूची में नाम दर्ज होने के उपरांत ही पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हर वोट है जरूरी”, इसलिए सभी पात्र नागरिक मतदाता पंजीकरण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
मतदाता पंजीकरण के लिए पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेज
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदक का भारत का नागरिक होना, संबंधित निर्वाचन क्षेत्र का सामान्य निवासी होना तथा निर्धारित अर्हता तिथि को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त, आवेदक का नाम किसी अन्य स्थान की मतदाता सूची में पहले से दर्ज नहीं होना चाहिए तथा वह कानून के अंतर्गत मतदाता बनने के लिए अयोग्य घोषित न हो।
आवेदन के लिए आयु प्रमाण, पते के प्रमाण तथा पासपोर्ट आकार की रंगीन फोटो सहित निर्धारित दस्तावेजों की आवश्यकता हो सकती है। आवेदन की प्रक्रिया एवं दस्तावेजों की स्वीकार्यता के संबंध में विस्तृत जानकारी संबंधित बीएलओ से प्राप्त की जा सकती है। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 तथा मतदाता सूची में प्रविष्टियों के संशोधन सहित अन्य अनुमन्य कार्यों के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-8 का उपयोग किया जाता है।
24 अक्टूबर को भी आयोजित होगा विशेष अभियान दिवस
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत अगला विशेष अभियान दिवस 24 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक जनपद के सभी निर्धारित मतदेय स्थलों पर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान संबंधित बीएलओ अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर मतदाता पंजीकरण से संबंधित आवेदन प्राप्त करेंगे तथा नागरिकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूर्ण करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।