-चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात, ड्रोन से की जा रही निगरानी, यातायात डायवर्जन लागू, 16 स्थानों पर बैरियर और 14 पार्किंग स्थल चिन्हित
अयोध्या । 14 कोसी परिक्रमा पूरी करने के बाद भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। बड़ी संख्या में चौदहकोसी परिक्रमा करने वाले श्रद्धालु अभी भी अयोध्या में ठहरे हुए हैं। वे अब पंचकोसी परिक्रमा करेंगे। शुक्रवार को भोर में तकरीबन तीन बजे के करीब पंचकोसी परिक्रमा शुरू होगी। जिला प्रशासन ने इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। पंचकोसी परिक्रमा में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु भी शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने डायवर्जन प्लान भी लागू किया है।
योगी सरकार के निर्देश पर अयोध्या में परिक्रमा को लेकर इस बार विशेष तैयारियां की गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी है। 14 कोसी परिक्रमा के सफल आयोजन के बाद अब पंचकोसी परिक्रमा के लिए भी उसी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। परिक्रमा मार्ग पर पुलिस बल तैनात किया गया है। ड्रोन कैमरे से भी नजर रखी जा रही है। जगह-जगह पर सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से निगरानी हो रही है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए प्रशासन ने 16 स्थानों पर बैरियर और 14 पार्किंग स्थल चिन्हित किए हैं।
शाम 6 बजे से यातायात हुआ परिवर्तित
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के संयुक्त निर्देश पर यातायात डायवर्जन लागू कर दिया गया है। यह डायवर्जन 19 नवंबर की शाम 6 बजे से परिक्रमा / भीड़ समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। लकड़मंडी चौराहा, दुर्गागंज माझा, साकेत पेट्रोल पंप, हनुमानगुफा चौराहा, गांधी आश्रम, बालू घाट, आसिफ बाग, बूथ नंबर-4, विद्याकुंड तिराहा, महोबरा फ्लाईओवर, टेढ़ी बाजार, उदया चौराहा, गैस गोदाम तिराहा, कटरा तिराहा और राजघाट बंधा तिराहा पर बैरियर लगाए गए हैं।
लखनऊ जाने के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का करना पड़ेगा इस्तेमाल
गोंडा, बस्ती से आने वाले वाहन जिन्हें लखनऊ जाना है, वे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते जाएंगे। इसी तरह लखनऊ, बाराबंकी से आने वाले वाहन जिन्हें गोंडा, बस्ती जाना है, वे भी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का प्रयोग करेंगे। पार्किंग के लिए फटिकशिला आश्रम के पास, साकेत पुल के पास, बैकुंठ धाम के बगल, महर्षि महेश योगी रामायण विवि परिसर, बालू घाट मल्टीलेवल पार्किंग, साथी तिराहा फ्लाईओवर के नीचे सहित कुल 14 स्थान चिन्हित किए गए हैं।
अयोध्या में अब परिक्रमा करना बहुत आसान हो गया
सुल्तानपुर के रामकुमार यादव ने बताया कि हमने रात में ही 14 कोसी परिक्रमा पूरी की। प्रशासन की व्यवस्था बहुत अच्छी थी। जगह-जगह पानी और लाइट की व्यवस्था थी। योगी सरकार में अयोध्या में अब परिक्रमा करना बहुत आसान हो गया है। इसलिए हम रुक गए हैं, अब पंचकोसी परिक्रमा भी करेंगे। प्रभु राम की नगरी में रहकर परिक्रमा करने का मन ही अलग है।
घर जाकर भी लोगों को बताएंगे कि अयोध्या में कितनी अच्छी व्यवस्था है
गोंडा की शांति देवी ने बताया कि हम तीन दिन से अयोध्या में हैं। चौदह कोसी परिक्रमा में कोई दिक्कत नहीं हुई। पुलिस वाले भी मदद कर रहे थे। स्वास्थ्य शिविर में पैर में दवा भी लगवाई। अब सुबह पंचकोसी परिक्रमा करेंगे। घर जाकर भी लोगों को बताएंगे कि अयोध्या में कितनी अच्छी व्यवस्था है।
जानिए पंचकोसी परिक्रमा का महत्व
पंचकोसी परिक्रमा अयोध्या की सबसे छोटी और सबसे लोकप्रिय परिक्रमा है। यह लगभग 15 से 16 किलोमीटर लंबी होती है और इसे एक ही दिन में, कुछ घंटों में पूरा किया जा सकता है। यह परिक्रमा अयोध्या की पारंपरिक नगर-सीमा का प्रतीक मानी जाती है। मान्यता है कि पंचकोसी परिक्रमा करने से अयोध्या के मुख्य देवताओं की परिक्रमा का पुण्य मिलता है। कार्तिक मास में यह परिक्रमा अत्यंत पुण्यदायी मानी जाती है। 14 कोसी परिक्रमा के ठीक बाद पंचकोसी परिक्रमा करने की परंपरा है। कहा जाता है कि इससे पापों का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है। सरयू में स्नान कर संकल्प लेकर परिक्रमा शुरू करने की परंपरा है।
कहां से होती है, कहां तक जाती है ?
पंचकोसी परिक्रमा का कोई एक निश्चित प्रारंभ बिंदु नहीं है। नियम यही है कि जहां से परिक्रमा शुरू की जाए, वहीं पर उसका समापन किया जाए।आमतौर पर श्रद्धालु राम जन्मभूमि / श्रीराम मंदिर परिसर से परिक्रमा शुरू करते हैं। वहां से हनुमानगढ़ी, कनक भवन, दशरथ महल, नागेश्वरनाथ मंदिर, राम की पैड़ी, स्वर्गद्वार घाट, राजघाट, नाका हनुमानगढ़ी, नवाबगंज, गुप्तारघाट होते हुए फिर वापस राम जन्मभूमि पर आकर परिक्रमा पूरी करते हैं। यह मार्ग अयोध्या के प्रमुख मंदिरों, घाटों और पवित्र स्थलों से होकर गुजरता है, इसलिए इसे अयोध्या के कोर क्षेत्र की परिक्रमा कहा जाता है।