-बिहार जा रहे परिवार की कार डिवाइडर से टकराई, महिला की मौत, तीन घायल
अयोध्या।पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गाजियाबाद से बिहार के सिवान जा रहा एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। माइल स्टोन 84.70 के पास ट्रक की साइड लगने से मारुति कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बिहार के सिवान निवासी सुनील सिन्हा, विकास कुमार सिन्हा, शुभम सिन्हा और सुनील सिन्हा की मां संध्या सिन्हा मारुति कार से गाजियाबाद से बिहार जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन 84.70 के पास पहुंची थी। सुनील सिंह के मुताबिक, इसी दौरान एक ट्रक ने उनकी कार में साइड मार दी। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार सभी चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए कुमारगंज स्थित संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने संध्या सिन्हा को मृत घोषित कर दिया। वही दो लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।