-पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
कुमारगंज -अयोध्या। कुमारगंज थाना क्षेत्र के चौधरीपुर गांव में शनिवार को 35 वर्षीय महिला का शव घर के बाहर पड़ा मिला। महिला की पहचान नीतू पत्नी मनोरम के रूप में हुई है। गर्भवती महिला का नवजात शिशु भी बाहर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने महिला की हत्या की आशंका जताई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका के बेटे आदित्य (15) और अंकुश (12)सुबह टेंट में काम करने के बाद घर लौटे थे। घर पहुंचने पर उन्होंने अपनी मां को बाहर मृत अवस्था में पड़ा देखा। दोनों ने घटना की जानकारी परिजनों और नात-रिश्तेदारों को दी। इसके बाद मृतका का चचेरा भाई दोपहर बाद मौके पर पहुंचा और घटना की जानकारी कुमारगंज पुलिस को दिया।
मृतका के जेठ श्यामलाल ने बताया कि शव देखने पर महिला के अंगूठे पर स्याही का निशान लगा हुआ था। परिजनों ने जानकारी की तो पता चला कि कोटेदार महिला के पास आए थे और उन्होंने अंगूठा लगवाया था। विरोध करने पर कोटेदार की ओर से बताया गया कि महिला ने छह हजार रुपये लिए थे। परिजनों के अनुसार नेमा का पुरवा निवासी चंदू ने छह हजार रुपये वापस किए, जिसके बाद कोटेदार ने स्टांप पेपर वापस कर दिया, जिस पर महिला का अंगूठा लगा था।
ग्रामीणों के अनुसार महिला के पति मनोरम की करीब छह वर्ष पहले मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि चंदू महिला के साथ पति-पत्नी के रुप रहता था। परिजनों के मुताबिक महिला करीब सात माह की गर्भवती थी तथा उसके पीठ पर चोट के भी निशान थे। कुछ महिलाओं ने दावा किया कि शव की स्थिति ऐसी थी कि गर्भ में पल रहे बच्चे का कुछ हिस्सा बाहर दिखाई दे रहा था।
बताया गया कि चंदू ने महिला के अंतिम संस्कार की तैयारी में गड्ढा भी खुदवा दिया था। इसी दौरान दोपहर बाद पुलिस को घटना की जानकारी हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।