अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता बने महंत संजय दास, संतों ने जताया हर्ष

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-बड़े भक्तमाल मंदिर में स्वागत व अभिनंदन समारोह का हुआ आयोजन

अयोध्या। हरिद्वार में आयोजित अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद की बैठक में महंत संजय दास को राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किए जाने पर शनिवार को अयोध्या के बड़े भक्तमाल मंदिर में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता बड़े भक्तमाल मंदिर के पीठाधीश्वर महंत अवधेश कुमार दास ने की। इस अवसर पर संतों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए महंत संजय दास को शुभकामनाएं दीं।

जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामदिनेशाचार्य, जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी डॉ. राघवाचार्य, निर्वाणी अनि अखाड़ा के श्रीमहंत मुरली दास, महासचिव सत्यदेव दास, महंत डॉ. महेश दास, जानकीघाट बड़ा स्थान के महंत जन्मेजय शरण, महंत उपेंद्र दास, श्रृंगी ऋषि आश्रम के महंत हेमंत दास, शिवम श्रीवास्तव ने संकट मोचन सेना अध्यक्ष महंत संजय दास महाराज को अंगवस्त्र भेंट किया और माला पहनकर स्वागत किया।

इस अवसर पर महंत संजय दास ने संतो को आश्वासन देते हुए कहा कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद देश के सभी 13 अखाड़ों की सर्वाेच्च संस्था है और संत समाज की गरिमा, अनुशासन तथा परंपराओं की रक्षा परिषद की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कुंभ मेलों के सफल एवं निर्विघ्न आयोजन के लिए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

वैष्णव संप्रदाय की चरण पादुकाओं की स्थापना के लिए आवश्यक अस्थायी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग भी प्रशासन से की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि संतों के वेश में कोई भी व्यक्ति अनुचित आचरण करेगा तो उसके विरुद्ध अखाड़ा परिषद आवश्यक कार्रवाई करेगी। श्रीराम मंदिर से जुड़े प्रकरण पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच एसआईटी कर रही है, इसलिए जांच पूरी होने से पहले परिषद की ओर से कोई टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

इसे भी पढ़े  कुलपति ने 32 छात्र-छात्राओं को बांटे नियुक्ति पत्र

अध्यक्षीय संबोधन में महंत डा अवधेश कुमार दास ने कहा कि महंत संजय दास का अखाड़ा परिषद का राष्ट्रीय प्रवक्ता बनना अयोध्या और वैष्णव परंपरा के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि धर्म सम्राट पूर्व अध्यक्ष श्रीमहंत ज्ञानदास जी महाराज के कार्यकाल को आज भी सम्मान के साथ याद किया जाता है और विश्वास है कि महंत संजय दास जी भी उनकी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए संत समाज की आवाज को प्रभावी ढंग से राष्ट्रीय स्तर पर रखेंगे। जगतगुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामदिनेशाचार्य महाराज ने कहा कि धर्म सम्राट श्रीमहंत ज्ञान दास जी महाराज ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महत्व को बताया था आज महंत संजय दास महाराज को प्रवक्ता पद मिला है निश्चित रूप से परिषद और प्रभावी ढंग से काम करेगा लोग उसको जानेंगे। महंत डॉ महेश दास ने कहा कि हनुमानगढ़ी की परंपरा को आगे बढ़ाएंगे जब-जब हनुमानगढ़ी के संत को किसी बड़े पद पर रखा गया है तो उसकी गरिमा बड़ी है हमारे प्रवक्ता भी अयोध्या की गरिमा को आगे बढ़ाएंगे।

जगद्गुरु स्वामी डॉ. राघवाचार्य महाराज ने कहा कि धर्मसम्राट श्रीमहंत ज्ञानदास जी महाराज के शिष्य को यह महत्वपूर्ण दायित्व मिलना पूरे अयोध्या के लिए सम्मान की बात है।महंत जन्मेजय शरण ने कहा कि महंत संजय दास सदैव सनातन धर्म, वैष्णव परंपरा और संत समाज के हितों के लिए सक्रिय रहे हैं तथा नई जिम्मेदारी में भी उसी समर्पण के साथ कार्य करेंगे। इस अवसर पर दर्जनों संतों महंतों ने अपनी बात रखी।

You may also like

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya