-समर्थ पोर्टल पर शुरू हुई ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया, दूरस्थ शिक्षा से उच्च शिक्षा का अवसर, क्षेत्रीय केंद्र अयोध्या में शुरू हुआ शिक्षार्थी सहायता पटल

अयोध्या। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के जुलाई-2026 प्रवेश सत्र की ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया का शुभारंभ सोमवार को कुलपति आचार्य सत्यकाम ने किया। विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर स्नातक, स्नातकोत्तर, प्रबंधन, कंप्यूटर, पुस्तकालय विज्ञान, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट एवं जागरूकता पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीसीए, बीएलआईएस, एमए, एमएससी, एमकॉम, एमबीए, एमसीए, एमएलआईएस सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी घर बैठे समर्थ पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश के दौरान विद्यार्थियों को अपनी सुविधा के अनुसार निकटतम अध्ययन केंद्र का चयन करना होगा, जहां से वे अध्ययन एवं शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़ेंगे।
क्षेत्रीय केंद्र अयोध्या में प्रवेश प्रक्रिया एवं पाठ्यक्रमों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के लिए विशेष शिक्षार्थी सहायता पटल भी स्थापित किया गया है। शुभारंभ के अवसर पर कुलपति की उपस्थिति में ऑनलाइन माध्यम से सच्चिदानंद सिंह का एमए (समाजशास्त्र) में प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर प्रो. योगेंद्र प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि विश्वविद्यालय दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से युवाओं, नौकरीपेशा लोगों तथा विभिन्न आयु वर्ग के शिक्षार्थियों को उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास का बेहतर अवसर उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने बताया कि अध्ययन सामग्री विद्यार्थियों को डाक एवं ऑनलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध कराई जाती है। क्षेत्रीय समन्वयक डॉ. शशि भूषण राम त्रिपाठी ने शिक्षार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया, परामर्श कक्षाओं, स्व-अध्ययन सामग्री, असाइनमेंट एवं परीक्षा प्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में प्रो. योगेंद्र प्रसाद त्रिपाठी, प्रबंधक लाल जी सिंह, शिक्षार्थी एवं क्षेत्रीय केंद्र के कर्मचारी उपस्थित रहे।