रामकथा पार्क के आसपास अवैध पार्किंग का आरोप, नगर निगम को सौंपा ज्ञापन

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-सनातन रक्षक संघ ने तीन लोगों पर लगाए संचालन के आरोप, जांच व कार्रवाई की मांग; अपर नगर आयुक्त बोले- होगी जांच

अयोध्या। रामकथा पार्क, भजन संध्या स्थल और नया घाट क्षेत्र में कथित अवैध पार्किंग संचालन तथा श्रद्धालुओं से मनमानी शुल्क वसूली का मामला मंगलवार को नगर निगम पहुंच गया। सनातन रक्षक संघ के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त को संबोधित ज्ञापन अपर नगर आयुक्त एवं एसडीएम नागेंद्र कुमार को सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।संघ के अध्यक्ष मुकुंद माधव त्रिपाठी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि संबंधित क्षेत्रों में बिना वैध अनुमति पार्किंग का संचालन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं से निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि वसूली जा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ज्ञापन में कहा गया है कि इस संबंध में पूर्व में जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों को भी शिकायत भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। संगठन का आरोप है कि नया घाट पार्किंग स्थल पर वाहन चालकों को रसीद नहीं दी जाती और डिजिटल भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। जबकि नगर निगम द्वारा पार्किंग शुल्क प्रति घंटा 20 रुपये निर्धारित है, इसके बावजूद 10 से 15 मिनट वाहन खड़ा करने पर भी 100 रुपये तक वसूले जाने का आरोप लगाया गया है।सनातन रक्षक संघ ने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि कथित अवैध पार्किंग का संचालन विकास दुबे (मध्य प्रदेश), दीपक गुप्ता (आगरा) और धर्मेंद्र शुक्ला (अमेठी) द्वारा कराया जा रहा है।

इसे भी पढ़े  कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उर्वरक बिक्री केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण

संगठन ने इन आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा बिना अनुमति संचालित पार्किंग स्थलों को तत्काल बंद कराने की मांग की है।अपर नगर आयुक्त एवं एसडीएम नागेंद्र कुमार ने बताया कि ज्ञापन प्राप्त हो गया है। मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।सनातन रक्षक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो श्रद्धालुओं के हित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। संगठन का कहना है कि अवैध पार्किंग और मनमानी वसूली से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की छवि और सुविधा दोनों प्रभावित हो रही हैं।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya