-महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, रामकथा पार्क एवं राम की पैड़ी तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव-2026 को भव्य, दिव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दीपोत्सव के प्रमुख आयोजन स्थलों एवं विशिष्ट अतिथियों के आवागमन मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के प्रथम चरण में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से निरीक्षण प्रारंभ करते हुए महोबरा बाईपास के रास्ते श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तक पहुंचकर 07 नवंबर को मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट महानुभावों के दर्शन-पूजन के दृष्टिगत की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अतिथियों के आवागमन मार्ग, सुरक्षा, यातायात एवं प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। इसके उपरांत अधिकारियों ने रामकथा पार्क का निरीक्षण किया।
यहां मुख्य मंच, वीवीआईपी जोन, संत समाज दीर्घा, आमंत्रित अतिथियों की दीर्घा, मीडिया गैलरी एवं प्रवेश द्वारों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कलाकारों की लाइनअप, अतिथियों के बैठने एवं आवागमन तथा कार्यक्रम के सुचारु संचालन के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर ली जाएं तथा संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
निरीक्षण के अगले चरण में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने राम की पैड़ी पहुंचकर दीपोत्सव के मुख्य आकर्षण दीप प्रज्ज्वलन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन के लिए निर्धारित स्थलों, घाटों की व्यवस्थाओं, दर्शक दीर्घा, बैरिकेडिंग, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही सरयू आरती स्थल एवं लक्ष्मण किला घाट सहित अन्य संबंधित स्थलों पर कार्यक्रमों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर ड्यूटी प्वाइंटवार तैनात मजिस्ट्रेटों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में उन्हें सौंपे गए दायित्वों की जानकारी प्राप्त की। उल्लेखनीय है कि प्रान्तीयकृत दीपोत्सव मेला-2026 को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न कार्यक्रम स्थलों एवं व्यवस्थाओं के लिए मजिस्ट्रेटों तथा विभागीय अधिकारियों की तैनाती की गई है। रामकथा पार्क, राम की पैड़ी, सरयू आरती स्थल, हेलीपैड, लक्ष्मण किला घाट, साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क तक शोभायात्रा मार्ग, पार्किंग स्थलों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर कार्यक्रमवार जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।
मुख्य मंच, वीवीआईपी जोन, संत समाज एवं आमंत्रित अतिथियों की दीर्घा, मीडिया गैलरी तथा प्रवेश द्वारों की व्यवस्थाओं के साथ ही दीप प्रज्ज्वलन, सरयू आरती एवं दर्शक दीर्घाओं के संचालन के लिए अलग-अलग ड्यूटी निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त मुख्य अतिथि ,राज्यपाल, एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों के कार्यक्रम, फ्लीट, हेलीपैड, पुष्प वर्षा मंच, सेफ हाउस, खान-पान एवं प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी नामित अधिकारी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर समय से उपस्थित रहकर संबंधित पुलिस एवं विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करें तथा कार्यक्रम प्रारंभ होने से समाप्ति तक व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी बनाए रखें। विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन, मंच एवं पंडाल की सुरक्षा, बैरिकेडिंग तथा खाद्य सामग्री की गुणवत्ता से संबंधित आवश्यक प्रमाणपत्र एवं सुरक्षा मानकों का अनुपालन भी सुनिश्चित कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में दीपोत्सव को भव्य एवं दिव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। सभी संबंधित अधिकारियों को अपने निर्धारित दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करने तथा विभागीय समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दीपोत्सव के दृष्टिगत सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
सभी प्रमुख आयोजन स्थलों, अतिथियों के आवागमन मार्गों एवं पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण पर विशेष सतर्कता बरती जाए। सभी अधिकारी अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर उपस्थित रहकर आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे श्रद्धालुओं, आगंतुकों एवं विशिष्ट अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा दीपोत्सव का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराया जा सके।