आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
अयोध्या। कोतवाली अयोध्या पुलिस ने गांजा के साथ गैंगस्टर एक्ट के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 किलो 750 ग्राम गांजा बरामद किया है।
क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष तिवारी के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अयोध्या पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थीम पार्क, दशरथ समाधि रोड के किनारे से आरोपी मंटू उर्फ मठ्ठू पुत्र घूरे, निवासी शाहपुर फिरोजपुर, थाना जलालपुर, जनपद अंबेडकरनगर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 1 किलो 750 ग्राम गांजा बरामद हुआ। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मंटू उर्फ मठ्ठू के खिलाफ अंबेडकरनगर, आजमगढ़ समेत विभिन्न थानों में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी, मारपीट, जानलेवा हमला, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।