छुट्टी न मिलने से नाराज कर्मचारी ने साथी संग मिलकर किया था मैनेजर पर जानलेवा हमला

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-इनायतनगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, कब्जे से हमले में प्रयुक्त लोहे की रॉड, डंडा और वारदात इस्तेमाल बुलेट मोटरसाइकिल बरामद

अयोध्या। ई कॉमर्स कंपनी के मैनेजर पर लोहे की रॉड और डंडों से जानलेवा हमला मामले में इनायतनगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से हमले में प्रयुक्त लोहे की रॉड, डंडा और वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। घटना के पीछे की वजह मैनेजर द्वारा छुट्टी न दिए जाने से उपजा विवाद सामने आया है।

प्रकरण में पीड़ित मैनेजर निवासी आदिलपुर, थाना इनायतनगर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जान से मारने की नीयत से उनके सिर पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर मरणासन्न कर दिया गया था और आरोपी धमकी देकर फरार हो गए थे। जिला पुलिस का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए गठित पुलिस की दो टीमों ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बारुन बाजार से लेकर मिल्कीपुर, हैरिंगटनगंज, कोछा बाजार, खजुरहट, बीकापुर, भरतकुण्ड, पूरा कलन्दर और शहर के विभिन्न मोहल्लों में लगे कुल 106 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर दोनों शिवा गुप्ता निवासी ग्राम नगहरा, थाना अहिरौली, अंबेडकरनगर और विकास निषाद निवासी ग्राम खरिकाभारी, थाना अहिरौली, अंबेडकरनगर को मुन्नू का पुरवा (ग्राम आदिलपुर) से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि शिवा गुप्ता भी ब्लिंकिट में काम करता था और मैनेजर द्वारा छुट्टी न दिए जाने तथा दुर्व्यवहार से नाराज होकर साथी विकास निषाद के साथ मैनेजर पर जानलेवा हमला किया। पुलिस ने इनके पास से एक लोहे की रॉड,एक डंडा,एक बुलेट मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किया है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya