चोर गिरोह का खुलासा, बोलेरो से घूम घूमकर करते थे वारदात

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

अयोध्या। तारुन थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र समेत जनपद के तीन थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के दो आरोपितों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से चार जोड़ी पायल, सोने की एक चेन, गैस सिलेंडर, करीब 100 किलो सरसों, छह साड़ियां, कपड़े, तीन हजार रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किया है। चोरी की वारदात में प्रयुक्त बोलेरो और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पत्रकार वार्ता में एसएसपी डॉ. गौरव ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक तारुन लाल चंद सरोज की पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों और मुखबिर की सूचना पर राजेश कोरी निवासी कुचेरा पूरे डिहवा और राजदेव उर्फ बब्बू निवासी कुचेरा, थाना इनायतनगर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में इन्होंने 18/19 अक्टूबर की रात सागरपुर गांव में घर का ताला तोड़कर जेवरात, नकदी, गैस सिलेंडर और तीन बोरी सरसों चोरी की बात कबूल की है। साथ ही इनायतनगर और बीकापुर थाना क्षेत्रों में भी चोरी की घटना करने की बात कही है। बीकापुर के गुन्धौर में कपड़े की दुकान का ताला तोड़कर कपड़े और नकदी चोरी करने की बात बताई है।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल आरी, लोहे की पाइप, दो प्लास और पेचकस बरामद किया है। गिरोह के अन्य साथी शीतल प्रसाद चौहान और अनंतराम उर्फ अमरजीत मौके से फरार हो गए। जिनकी तलाश कराई जा रही है। पकड़े गए दोनों आरोपियों का पुलिस ने चालान किया है। राजदेव के खिलाफ पूर्व में लूट, गैंगस्टर एक्ट और गिरोहबंद गतिविधियों से जुड़े मुकदमे दर्ज मिले हैं।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya