आसमा उगल रहा आग, भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-तापमान पहुंचा 42 के पार, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की भी आवाजाही से रात में भी राहत नहीं


अयोध्या। बीते एक हफ्ते से भीषण गर्मी ने हाल बेहाल कर रखा है। एक तरफ तपन तो दूसरी तरफ गर्म हवाओं के चलते सुबह 10 बजे से ही चेहरा जला देने वाली गर्मी ने दिनचर्या भी बाधित कर दी है लोग परेशान हैं। सबसे ज्यादा हालात उनके खराब हैं जो दिहाड़ी के भरोसे जीवन यापन कर रहे है। सोहावल के सालिकराम राजगीर मिस्त्री हैं। बताते है कि लोग घर भी नहीं बनवा रहे, प्लास्टर आदि में तरी नहीं कर पाने के कारण बारिश में काम करवाने को गृह मालिक टाल दे रहे हैं। वहीं बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर विपरीत असर पड़ रहा है। लोग घरों के अंदर किसी तरह जीवन यापन कर रहे हैं। क्योंकि बिजली की आवाजाही के बीच पंखे, कूलर भी गर्म हवा दे रहे हैं। जिससे दिनचर्या भी बाधित है। देर रात जागते रहने के बाद रात के दूसरे पहर बाद ही मौसम ठंड होने पर नींद आ रही है। इससे इतर पशु पक्षियों के लिए नया संकट पानी का खड़ा हो गया है। छोटे छोटे ताल भी सूख गए हैं।


मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो आगामी कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार भी नजर नहीं आ रहे हैं। विभाग का कहना है कि पूरे उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पूरे उत्तर प्रदेश में तेज सतही हवाएं (25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे) चलने की संभावना है। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर लू और पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक या दो जगहों पर लू की स्थिति होने की संभावना है। अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है और उसके बाद कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। अगले 5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई भी बड़ा बदलाव होने की संभावना नजर नहीं आ रही है।

इसे भी पढ़े  चेन स्नेचिंग पांच महिलाएं गिरफ्तार

ज्योतिष के जानकार पंडित शिवम दुबे का कहना है कि अयोध्या ही नहीं पूरे उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी जारी रहेगी क्योंकि 25 मई से नौतपा शुरू हो चुका है। आज नौतपा का तीसरा दिन है। मौसम वैज्ञानिक इसे हीट वेव या लू वाले दिन भी कहते हैं। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश और गुजरात जैसी जगहों पर तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। इस बार मई में भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसा लगता है जैसे सुबह-सुबह आसमान से आग बरसने लगती है। ये गर्मी का कहर 25 मई से शुरू हो चुके नौतपा का प्रकोप हो सकता है।

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को अधिकतम तापमान 41.0 ($2.0) डिग्री सेल्सियस यानी सामान्य से भी 02 डिग्री अधिक जबकि न्यूनतम तापमान 29.5 ($3.0) डिग्री सेल्सियस जो कि 03 डिग्री अधिक रहा है। इस दौरान सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 68 प्रतिशत व न्यूनतम : 34 प्रतिशत रही। हवा की गति 4.1 किमी/घंटा तथा हवा की दिशा : दक्षिणी-पश्चिमी बनी हुई है। मौसम विज्ञानियों ने बताया कि आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने एवं हवा सामान्य गति से पश्चिमी/पूर्वी चलने की संभावना है। औसत तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है जिससे अभी तेज गर्मी से राहत के आसार नहीं है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya