-रामलला व हनुमानगढ़ी में किया दर्शन पूजन
अयोध्या। अयोध्या,फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सह-निर्माता अनुप्रिया नागर सोमवार को प्रभु श्री राम की पवित्र नगरी अयोध्या पहुंचीं। अयोध्या आगमन पर उन्होंने सनातन आस्था के सबसे बड़े केंद्रों में शीश नवाया और अपनी आगामी यात्रा व कार्य के लिए आशीर्वाद लिया।
रामलला के दरबार में भावुक हुईं अनुप्रिया नागर
अयोध्या पहुंचते ही अनुप्रिया नागर ने सबसे पहले भव्य राम मंदिर में प्रभु श्री रामलला के दर्शन-पूजन किए। रामलला के सामने नतमस्तक होकर उन्होंने देश और समाज की समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात, वे संकटमोचन हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचीं और बजरंगबली के चरणों में मत्था टेककर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात और आमंत्रण पत्र साझा
दर्शन-पूजन के दिव्य अनुष्ठान के बाद, अनुप्रिया नागर ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष पूज्य महंत नृत्य गोपाल दास जी महाराज से मुलाकात की। उन्होंने महाराज जी के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने मीडिया के समक्ष आमंत्रण एवं स्वीकृति से संबंधित आधिकारिक पत्र भी प्रस्तुत किए और सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
अयोध्या में ऊर्जा और शांति का अद्भुत संगम
मीडिया से बातचीत करते हुए अनुप्रिया नागर काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा रामलला के दर्शन करना मेरे जीवन का सबसे भावुक और सौभाग्यशाली क्षण है। अयोध्या की पावन धरा पर कदम रखते ही जिस ऊर्जा, सकारात्मकता और शांति का अनुभव होता है, वह शब्दों से परे है।
उन्होंने आगे कहा कि भव्य राम मंदिर केवल एक धरोहर नहीं, बल्कि दुनिया भर के करोड़ों सनातनियों की अटूट आस्था और विश्वास का जीवंत प्रतीक है। सनातन धर्म और संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि अपने धर्म और सांस्कृतिक मूल्यों को जीवन में धारण करना हम सभी का परम कर्तव्य है।