-जिलाधिकारी ने जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है
अयोध्या। 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जद में आए परिवारों के साथ विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। प्रभावित परिवारों ने कार्रवाई को लेकर अपनी आपत्तियां जिलाधिकारी के सामने रखीं और निष्पक्ष जांच की मांग की।
परिवारों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के लिए सड़क के मध्य बिंदु से दोनों ओर समान रूप से भूमि लिए जाने की व्यवस्था होनी चाहिए। आरोप है कि कार्रवाई में एक ओर स्थित मकानों को अधिक निशाना बनाया गया। परिवारों ने कहा कि चौड़ीकरण की प्रक्रिया में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने भी जिलाधिकारी के समक्ष मामले को उठाते हुए कहा कि जिन मानकों के आधार पर चौड़ीकरण की कार्रवाई होनी थी, उनके विपरीत कुछ मकानों को गिराया गया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। विधायक ने कहा कि यदि जांच में अधिकारियों की ओर से नियमों की अनदेखी सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
विधायक ने प्रभावित परिवारों की स्थिति को देखते हुए प्रशासन से मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने की बात भी कही। बेघर हुए परिवारों के अस्थाई आवास की व्यवस्था करने को कहा। मानक के अनुसार मुआवजे की व्यवस्था करने की बात कही।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। कमेटी चौड़ीकरण के मानकों, भूमि लिए जाने की प्रक्रिया और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जांच करेगी। पीड़ित परिवारों के साथ महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।