-साफ-सफाई और विकास कार्यों को बताया प्राथमिकता
अयोध्या। नगर पंचायत कुमारगंज में अधिशासी अधिकारी के स्थानांतरण के बाद नवागत अधिशासी अधिकारी शिवम् द्विवेदी ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय में विभिन्न पत्रावलियों का अवलोकन किया तथा चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से नगर पंचायत की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी ली।
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत अधिशासी अधिकारी शिवम् द्विवेदी ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता नगर पंचायत क्षेत्र में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था, नागरिकों को सुचारु पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराना तथा शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को गति दी जाएगी, जिससे नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष एवं सभी सभासदों के साथ बैठक कर क्षेत्र की आवश्यकताओं का आकलन किया जाएगा। बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर नई योजनाएं तैयार की जाएंगी तथा शासन की स्वीकृति के अनुरूप विकास कार्य कराए जाएंगे।
शिवम् द्विवेदी ने कहा कि नगर पंचायत के समग्र विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।
पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ विकास कार्यों को पूरा- कराया जाएगा, ताकि नगर पंचायत कुमारगंज को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाया जा सके। उन्होंने कर्मचारियों को भी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।