-’शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के दिए निर्देश, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष जोर’
अयोध्या। दीपोत्सव-2026 को दिव्य, भव्य, सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत मण्डलायुक्त राजेश कुमार ने डीआईजी सोमेन बर्मा के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, नगर आयुक्त जैनेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष अयोध्या विकास प्राधिकरण अनुराग जैन, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर दिनेश, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आदित्य विक्रम अग्रवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं वेंडर उपस्थित रहे।
कार्यदाई संस्था और वेंडर समन्वय बनाकर समय से कार्य पूर्ण कराए : मंडल आयुक्त
मण्डलायुक्त ने सभी नोडल अधिकारियों, कार्यदायी संस्थाओं एवं वेंडरों को आपसी समन्वय एवं बेहतर तालमेल के साथ अवशेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। पूज्य साधु-संतों, गणमान्य अतिथियों एवं आमजन के आगमन, बैठने, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था समय से सुनिश्चित कर ली जाए, जिससे किसी को असुविधा न हो।
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष बल
डीआईजी सोमेन बर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस बल एवं सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं एवं आमजन के सुगम आवागमन के लिए रूट प्लान पहले से तैयार कर लिया जाए। प्रमुख कार्यक्रम स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था इस प्रकार सुनिश्चित की जाए कि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो और किसी भी व्यक्ति को असुविधा का सामना न करना पड़े।
मंच व्यवस्था समय से पूर्ण कराई जाए
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों को पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुरूप कार्यों को गति प्रदान करते हुए शेष सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में तैनात किए जाने वाले वॉलंटियर्स, मंचों एवं कलाकारों आदि की सूची पूर्व से तैयार कर ली जाए तथा सभी संबंधित व्यवस्थाओं की समय रहते जांच सुनिश्चित की जाए।
निर्गत पास का दुरुपयोग करने पर होगी कड़ी करवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने पास व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए कि निर्गत किए जाने वाले सभी पास निर्धारित मानकों के अनुरूप हों तथा उनमें किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति पास का दुरुपयोग करते हुए अथवा फर्जी पास बनाते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों ने दीपोत्सव को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं भव्य स्वरूप में संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।