-कांग्रेसियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा राज्यपाल को सम्बोधित ज्ञापन
अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी एवं महानगर कांग्रेस कमेटी ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग उठाई है। इस संबंध में राज्यपाल, उत्तर प्रदेश को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चेत नारायण सिंह ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है।
ऐसे में चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर उठ रहे सवालों का निष्पक्ष उत्तर मिलना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की शंका को दूर करने के लिए स्वतंत्र एवं विश्वसनीय जांच कराई जानी चाहिए। महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि यह विषय किसी राजनीतिक दल या संगठन का नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं और विश्वास का है। यदि चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर प्रश्न उठ रहे हैं तो सरकार को पारदर्शिता का परिचय देते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।
पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा श्री राम मंदिर के चढ़ावा में गड़बड़ी की आम आदमी की आशंका दूर करने के लिए उच्च स्तरीय जांच होकर लोगों की शंका दूर करनी चाहिए और जो भी दोषी हो उसके ऊपर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो। कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि इस प्रकरण की जांच के लिए सर्वाेच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त अथवा नामित न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की जाए, जिसमें अयोध्या के सम्मानित नागरिकों, सामाजिक प्रतिनिधियों, विपक्ष के नेताओं तथा स्वतंत्र वित्तीय एवं लेखा विशेषज्ञों को शामिल किया जाए।
समिति को निर्धारित समय सीमा में जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट सार्वजनिक करने का निर्देश दिया जाए और यदि आवश्यक हो तो मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से भी कराई जाए, ताकि सत्य सामने आ सके और जनमानस का विश्वास मजबूत हो। उन्होंने कहा कि राम मंदिर जैसी पवित्र संस्था की गरिमा और श्रद्धालुओं की आस्था सर्वाेपरि है तथा किसी भी प्रकार के संदेह का निराकरण पारदर्शी जांच के माध्यम से होना चाहिए। इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला प्रवक्ता शीतला पाठक महिला जिला अध्यक्ष रेनू राय, जिला महासचिव बृजेश रावत, जिला सचिव पंकज सिंह, डॉ विनोद, कैफियत अंसारी, प्रवीण श्रीवास्तव, विजय श्रीवास्तव, विशाल दुबे ,शिवकुमार यादव आदि मौजूद रहे।