-प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन
अयोध्या। नाका स्थित हनुमानगढ़ी के सामने परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण के नाम पर लंबे समय से रह रहे लोगों के मकान एवं दुकानें तोड़े जाने के मामले में कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनकी लड़ाई में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने ने कहा कि प्रभावित लोगों को पहले समुचित पुनर्वास और उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए था।
इसके बाद ही किसी प्रकार की कार्रवाई की जानी चाहिए थी। नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा देर रात की गई कार्रवाई में लोगों को अपना सामान तक हटाने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया, जिससे प्रभावित परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि जिले में विकास कार्यों के नाम पर प्रभावित लोगों के साथ मानवीय संवेदनशीलता बरती जानी चाहिए और जिन लोगों के मकान-दुकान प्रभावित हुए हैं, उन्हें नियमानुसार उचित मुआवजा एवं पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से सेवादल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा, डॉ. विनोद गुप्ता, चंचल सोनकर, अवधेश तिवारी, धीरेंद्र सिंह ‘बबलू’ सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि उनके अधिकारों और उचित मुआवजे की मांग को लेकर पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी।