तख्त से टकराई छपरा एक्सप्रेस,दो बाल अपचारी समेत तीन गिरफ्तार

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-ट्रैक पर लकड़ी का तख्ता रखकर ट्रेन को पलटने का आरोप

अयोध्या। लखनऊ-वाराणसी रेल प्रखंड पर छपरा एक्सप्रेस एक तख्त से टकरा गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। एक्सप्रेस ट्रेन के गार्ड के मेमो पर यात्रा पथ विभाग की ओर से मौका मुआयना किया गया तो रुदौली और बड़ागांव रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर लकड़ी के तख्त के टुकड़े मिले। प्रकरण में पथ विभाग की ओर से तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

तीनों पर रेलवे ट्रैक पर तख्ता रखकर ट्रेन को दुर्घटनाग्रस्त करने की साजिश का आरोप लगाया गया है। राजकीय रेलवे पुलिस ने नामजद दोनों बाल अपचारी समेत तीनों को गिरफ्तार किया है। सभी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया है।

बताया गया कि लखनऊ के गोमती नगर रेलवे स्टेशन से बनकर प्रतिदिन बिहार के छपरा जंक्शन जाने वाली 15054 डाउन छपरा एक्सप्रेस रोज को तरह अपने गंतव्य को जा रही है। गंतव्य की ओर जा रही इस एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन रुदौली और बड़ागांव रेलवे स्टेशन के बीच बडागांव रेलवे स्टेशन के नजदीक ट्रैक पर रखे लकड़ी के तख्त से टकरा गई।

एक्सप्रेस ट्रेन के गार्ड ने मेमो रेलवे स्टेशन पर दिया तो पथ विभाग के कर्मियों ने मौका मुआयना किया। मौका मुआयना में किलोमीटर 997 के पास ट्रैक पर तख्त के टुकड़े मिले। जिसको लेकर पथ विभाग के एसएसई अमरदीप सिंह निवासी लोको कालोनी अयोध्या कैंट ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के लिए तहरीर जीआरपी को दी।

राजकीय रेलवे पुलिस थाना अयोध्या कैंट के प्रभारी अभिषेक मिश्र ने बताया कि शिकायत पर तीन के खिलाफ रेलवे ट्रैक पर तख्त रख ट्रेन को डिरेल करने के आरोप में रिपोर्ट पंजीकृत की गई। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी रौनाही थाना क्षेत्र के बड़ागांव मुस्तफाबाद निवासी 32 वर्षीय सुखेन्द्र उर्फ रिंकू तथा इसके सहयोगी दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया है। तीनों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा सभी को सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पूरे प्रकरण की विवेचना कराई जा रही है।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya