बच्चों तक पहुंचेंगी किताबें, मोबाइल लाइब्रेरी वैन रवाना

by Next Khabar Team
A+A-
Reset

-‘मेरे शब्द, मेरी कहानी’ अभियान से बढ़ेगा पठन का रुझान, गांव-गांव पहुंचेगी मोबाइल लाइब्रेरी


अयोध्या। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के विजन के तहत अयोध्या में बच्चों को किताबों से जोड़ने की पहल शुरू की गई है। समग्र शिक्षा एवं रूम टू रीड संस्था की ओर से ‘मेरे शब्द, मेरी कहानी’ थीम पर चलाए जा रहे रीडिंग कैंपेन के तहत बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से मोबाइल लाइब्रेरी वैन की शुरुआत की गई। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और उप जिलाधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लाल चंद्र ने मोबाइल लाइब्रेरी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 15 अगस्त से आठ सितंबर तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य बच्चों में पढ़ने की रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें पढ़ी गई सामग्री को समझने, उस पर विचार करने, सवाल पूछने और अपने विचार व्यक्त करने के लिए प्रेरित करना है।

मोबाइल लाइब्रेरी वैन अब ब्लाक स्तर के विद्यालयों और समुदाय तक पहुंचेगी। यहां बच्चों को पुस्तकों से जोड़ने और नियमित पठन की आदत विकसित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बच्चे कहानी पढ़ने के साथ उस पर चर्चा करेंगे, सवाल पूछेंगे और अपनी प्रतिक्रिया व विचार व्यक्त करेंगे।

बच्चों के हाथों में पहुंचेंगी ज्ञान की किताबें

मोबाइल लाइब्रेरी के माध्यम से बच्चों तक उनकी परिचित भाषा और अनुभवों से जुड़ी पुस्तकें एवं कहानियां पहुंचाई जाएंगी। अभियान का उद्देश्य बच्चों में केवल पढ़ने की आदत विकसित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें पढ़ी गई सामग्री को समझने, सोचने, सवाल करने और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने वाला सक्रिय एवं आत्मविश्वासी पाठक बनाना है। इससे बच्चों की समझ, कल्पना और अभिव्यक्ति क्षमता को भी मजबूती मिलेगी।

इसे भी पढ़े  हादसों में किशोरी की मौत,अधेड़ रेफर

आठ सितंबर को होगा रीड-ए-थॉन

अभियान के समापन चरण में आठ सितंबर को जिले में ‘रीड-ए-थॉन’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें बच्चे सामूहिक रूप से पठन, चिंतन और अभिव्यक्ति की गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। अभियान में शिक्षक, अभिभावक और समुदाय के सदस्यों की सहभागिता भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यालयों के साथ गांवों और समुदाय में भी ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां बच्चों को नियमित रूप से पढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिले।

रीडिंग कैंपेन के माध्यम से बच्चों को आनंददायक एवं सतत पठन से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। मोबाइल लाइब्रेरी वैन के जरिए पुस्तकें बच्चों के करीब पहुंचेंगी, जिससे अधिक से अधिक बच्चे पढ़ने की गतिविधियों से जुड़ सकेंगे और उनमें समझ, कल्पना तथा अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित होगी। इस अवसर पर सभी खंड शिक्षा अधिकारी तथा रूम टू रीड संस्था के धीरेंद्र मिश्रा, सौरभ सिंह परिहार, मोनिका सिंह और नवीन सहित अन्य उपस्थित रहे।

नेक्स्ट ख़बर

अयोध्या और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना स्रोत है। यह स्थानीय समाचारों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक घटनाओं की प्रामाणिकता को बनाए रखते हुए उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। यह वेबसाइट अपने आप में अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का एक डिजिटल दस्तावेज है।.

@2025- All Right Reserved.  Faizabad Media Center AYODHYA

Next Khabar is a Local news Portal from Ayodhya