-नवागत क्षेत्रीय वन अधिकारी ने कुमारगंज वन क्षेत्र का कार्यभार ग्रहण किया
मिल्कीपुर। क्षेत्रीय वन अधिकारी कुमारगंज प्रमोद श्रीवास्तव के सेवानिवृत्त होने के बाद नवागत क्षेत्रीय वन अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा ने कुमारगंज वन क्षेत्र का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने विभागीय कर्मचारियों के साथ बैठक कर वन क्षेत्र की स्थिति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नवागत क्षेत्रीय वन अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र में अवैध आरा मशीनों के संचालन और अवैध पेड़ कटान पर प्रभावी रोक लगाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति पेड़ों की कटान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कुमारगंज क्षेत्र को अधिक से अधिक हरा-भरा बनाने के लिए वृक्षारोपण पर विशेष जोर दिया जाएगा। अधिक से अधिक पौधे लगाए जाने के साथ ही उनके संरक्षण और देखरेख की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि लगाए गए पौधे सुरक्षित रहकर पेड़ का रूप ले सकें।
संतोष कुमार मिश्रा ने विभागीय कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अवैध कटान में किसी कर्मचारी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा।
नवागत क्षेत्रीय वन अधिकारी ने जंगलों के रखरखाव और सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र की नियमित निगरानी की जाए तथा जंगलों को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जाए। बैठक में उन्होंने सभी कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर कार्य करने और विभागीय दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवागत अधिकारी के तेवर से साफ है कि कुमारगंज वन क्षेत्र में अवैध कटान और अवैध आरा मशीनों के खिलाफ विभाग अब सख्ती से अभियान चलाने की तैयारी में है। साथ ही वन क्षेत्र के संरक्षण और विस्तार के लिए वृक्षारोपण तथा पौधों के रखरखाव को प्राथमिकता दी जाएगी।